क्षेत्रीय युवा महोत्सव:
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हिंदू कालेज में चल रहे क्षेत्रीय युवा महोत्सव में दूसरे दिन भी रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जहां तेरे रूप हुस्न के आगे कुछ भी भाता कोनी जैसे गानों पर छात्र-छात्राओं ने सोलो डांस किया। वहां सभी पांच मंचों पर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उनमें सोलो डांस, मेल एंड फीमेल डांस, संस्कृत नाटक, पश्चिमी गाने, सोलो एंड ग्रुप डांस, हिंदी भाषण प्रतियोगिता, आर्केस्ट्रा, वन एक्ट प्ले, कोलाज मेकिंग, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, बेस्ट आउट ऑफ बेस्ट आदि रहे। युवा महोत्सव में काफी भीड़ उमड़ी रही और इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का युवाओं ने खूब आनंद उठाया।
हिंदू कालेज में चल रहे क्षेत्रीय युवा महोत्सव में प्रख्यात कवि डॉ. अशोक बत्रा ने अपनी हिंदी कविताओं से सबका मन मोह लिया। उन्होंने अपनी कविता से संदेश देते हुए कहा कि भेज दो अपनी बेटियों को जंगलों में, ना वहां कोई शोर है ना वहां कोई और है, ना वहां कोई बस है ना वहां कोई रस है, वहां से जब वापस आएगी जानवरों को पीटना सीख जाएगी। इस तरह से बेटियों की सुरक्षा व सम्मान के लिए शब्दों को कविता में ढाल दिया। पहले मंच पर सोलो डांस के सहारे छात्र-छात्राओं ने खूब धमाल मचाया। जहां तेरे रूप हुस्न के आगे कुछ भी भाता कोनी, मेरा हरियाणा मेरा हरियाणा, मेरी पतली कमर मुड़ी जाए जैसे गानों पर डांस किया। दूसरे मंच पर संस्कृत नाटक प्रतियोगिता हुई, जिसमें कई पौराणिक कथाओं का अंश प्रस्तुत किया गया। तीसरे मंच पर विदेशी गीत सोलो प्रतियोगिता हुई, जिसमें कई कॉलेजों ने अपने अंग्रेजी गानों पर सुरो को सजाया। चौथे मंच पर बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता कराई गई, जहां प्रतिभागियों ने अपनी नई सोच को दर्शाते हुए कई तरह की अलग-अलग चीजें बनाई।
युवा महोत्सव के शाम के सत्र में पांचों मंचों पर कार्यक्रम शुरू कराए गए। पहले मंच पर वन एक्ट प्ले हिंदी का आयोतन किया गया, जिसमें कई कॉलेजों की टीमों ने हिस्सा लिया और अपने नाटक का रूपांतर खूबसूरती के साथ दिया। इन नाटकों को आज की समस्याओं पर कें्रदित किया गया, जिनमें महिलाओं पर अन्याय, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का महत्व आदि को दिखाया गया। इसके साथ ही मिमिकरी प्रतियोगिता में छात्रों ने तरह-तरह की आवाज निकालकर सभी को खूब गुदगुदाया। वहां भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें राजनीति व छात्र यूनियन का चुनाव विषय रखा गया था। आरकेस्ट्रा प्रतियोगिता भी कराई गई, जिसमें छात्रों ने अपना हुनर दिखाया। पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें पर्यावरण का नुकसान, पेड़ों का काटना, जीवो का लुप्त होना, जाति विरोध, भारत-पाकिस्तान मामला, मि टू मोमेंट, औरतों पर अत्याचार, बेटी बचाओ अभियान आदि को दर्शाया गया।
--
कम उम्र के दो छात्रों को बाहर निकाला, छात्र आपस में भी भिड़े
इस युवा महोत्सव में 25 साल से कम उम्र के छात्र हिस्सा नहीं ले सकते है, लेकिन वहां दो छात्रों को कालेज की ओर से प्रतिभाग करा दिया गया। उनकी उम्र 25 साल से कम थी, जिनका पता चलने पर बाहर कर दिया गया। इसके अलावा महोत्सव में कार्यक्रम देख रहे दो छात्र आपस में भिड़ गए और उनके बीच हाथापाई होने से हंगामा हो गया। उनको साथियों ने किसी तरह से शांत कराया।