सोनीपत। जिले के राजकीय महाविद्यालयों में इस बार 8 नए कोर्स के साथ 8 विषयाें को बढ़ाया गया है। महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों के लिए पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया जारी रही। राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को 60 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया। इनमें 35 विद्यार्थियों ने बीए, 15 ने बीकॉम व 10 ने बीएससी कंप्यूटर साइंस के लिए अपना पंजीकरण करवाया।
महाविद्यालय प्रबंधकों ने बताया कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से इस बार सोनीपत के राजकीय महिला महाविद्यालय में डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीए अंग्रेजी इंग्लिश, मुरथल स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में बीए अंग्रेजी इंग्लिश, एमए इतिहास, गोहाना स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में एमए हिंदी (40 सीटें), बरोटा राजकीय महाविद्यालय में एमए हिंदी, एमए भूगोल व एमए अंग्रेजी के कोर्स को बढ़ाया गया है।
सोनीपत के राजकीय महिला महाविद्यालय में बीए संस्कृत, शारीरिक शिक्षा (240 सीटें), बीए अंग्रेजी ऑनर्स (40 सीटें), पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीटीसीए, 40 सीटें), खरखौदा स्थित राजकीय महाविद्यालय में बीए रसायन विज्ञान, बीए वनस्पति विज्ञान, बीए जीव विज्ञान के विषय को बढ़ाया गया है।
बाहर के महाविद्यालयों व विवि का नहीं करना पड़ेगा रुख
उन्होंने बताया कि निदेशालय की ओर से बढ़ाएं गए नए कोर्स व विषयों की पढ़ाई के लिए अब जिले के विद्यार्थियों को बाहर के विश्वविद्यालयों या महाविद्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी 9 जून तक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। विद्यार्थियों के लिए 18 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद वह दाखिला लेने को 23 जून तक पोर्टल पर अपनी फीस जमा करवा सकेंगे। जिले के 20 महाविद्यालयों में पंजीकरण व मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को पहले मौका मिल सकेगा।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से कई राजकीय महाविद्यालयों में जरूरत के अनुसार कोर्स व विषय बढ़ाए गए हैं। स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थी पंजीकरण के लिए पहुंच रहे हैं। महाविद्यालय में हेल्प डेस्क पर पहुंचने वाले विद्यार्थियों को अच्छे से दाखिला, दस्तावेज व अन्य संबंधित जानकारी दी जा रही है। फिलहाल महाविद्यालय में 850 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, लेकिन इस सत्र में विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 1000 के पार जा सकती है।
डॉ. राजेश ढाका, नोडल अधिकारी, राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत