सोनीपत। ऋषि कॉलोनी स्थित सामुदायिक केंद्र में क्षेत्र के वृद्धावस्था व दिव्यांग पेंशन का लाभ ले रहे लोगों के दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष शिविर लगाया गया। शिविर में नगर निगम, स्वास्थ्य व समाज कल्याण विभाग से अधिकारियों की गठित की टीम ने पेंशनधारकों के रिकाॅर्ड व दस्तावेजाें की जांच की। नगर निगम के लेखा अधिकारी सुनील हुड्डा, क्षेत्रीय कर अधिकारी राजेंद्र चुघ सहित कर्मचारियों ने 250 पेंशनधारकाें के दस्तावेजों की जांच की।
शिविर में पांचवें दिन दस्तावेजों की जांच के लिए कुल 650 पेंशनधारक पहुंचे, लेकिन 400 पेंशन लाभार्थी बिना दस्तावेजों की जांच के वापस लौट गए। दिनभर में अधिकारी 250 पेंशनधारकों के ही रिकॉर्ड व दस्तावेजाें का मिलान कर पाए। जांच के दौरान पांच पेंशन लाभार्थी के दस्तावेजों में आयु 60 वर्ष से कम मिली। अधिकारियों ने कहा कि शेष पेंशनधारकों के रिकॉर्ड की जांच चल रही है। शिविर में पेंशन पात्र लोगाें के आयु प्रमाण को लेकर जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल प्रमाण पत्र के साथ मतदान पहचान पत्र व आधार कार्ड की जांच की गई। जिनका रिकॉर्ड के साथ मिलान किया गया।