सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) मुरथल में आयोजित की जा रही सोनीपत हाफ मैराथन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने शनिवार को अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का दौरा किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र बढ़खालसा भी मौजूद रहे।
नशे के विरुद्ध युवाओं में अलख जगाने के लिए 30 मार्च को सोनीपत हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के पहुंचने के लिए बनाए गए रास्ते, पार्किंग, वीआईपी पार्किंग, अधिकारी पार्किंग, जलपान व रनिंग किट वितरण के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर पेयजल के साथ सफाई की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने डीएसओ को निर्देश दिए कि मैराथन के दिन सभी विभागीय कोच की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित करें। हाफ मैराथन को लेकर अब तक जिले के 60 हजार से ज्यादा लोगों ने अपना पंजीकरण करवाया है। नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में जिले के सभी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षण संस्थान, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थान, पंचायतें व औद्योगिक इकाइयां भाग ले रही हैं।
उपायुक्त ने बताया कि युवाओं का हौसला बढ़ाने के लिए हरियाणा के कलाकार एमडी देसी रॉक स्टार सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। मैराथन रूट पर जगह-जगह सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने के लिए स्टेज बनाए गए हैं। इन पर स्कूली बच्चे प्रस्तुतियां देंगे। इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त हर्षित कुमार, मुरथल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश डॉ. अनमोल, भाजपा वरिष्ठ नेता निशांत छौक्कर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आयोजन स्थल को दिया भव्य रूप
हाफ मैराथन के लिए आयोजन स्थल को भव्य रूप दिया गया है। हाफ मैराथन को लेेकर जगह-जगह होर्डिंग्स व फ्लैक्स लगाए गए हैं। विवि के गेट पर मैराथन गेट बनाया गया है। आगे चलकर रोड के ऊपर एक स्टेज बनाया गया है, जहां से मुख्यमंत्री नायब सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन रूट पर झंडे लगाए गए हैं। उपायुक्त ने युवाओं को मैराथन में भाग लेने का निमंत्रण देते हुए ऑडिटोरियम के बाहर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी खिचवाई।