सोनीपत। हाफ मैराथन के मद्देनजर सोनीपत पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। शनिवार शाम से रविवार शाम तक शहर में वीआईपी गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए ईस्ट और वेस्ट जोन को 24 घंटे के लिए अस्थायी रेड जोन घोषित कर दिया है। ऐसे में यहां ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगाई है। आदेश शनिवार शाम 4 बजे से लेकर रविवार शाम 4 बजे तक लागू रहेंगे।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार ड्रोन रूल्स, 2021 के नियम 24 के तहत यह प्रतिबंध लागू किया गया है। इस दौरान बिना पूर्व अनुमति के किसी भी मानव रहित हवाई वाहन (ड्रोन) के संचालन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी मुख्यालय मनबीर सिंह ने बताया कि रविवार सुबह आयोजित हाफ मैराथन के दौरान बड़े पैमाने पर वीआईपी मूवमेंट रहेगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है, ताकि कोई भी संदिग्ध गतिविधि रोकी जा सके और कार्यक्रम निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।