खरखौदा । गांव खेड़ी दहिया स्थित ईंट भट्ठे से मंगलवार को नायब तहसीलदार प्रेम प्रकाश की अगुवाई में 60 बंधुआ मजदूरों को मुक्त करवाया गया। मजदूरों की तरफ से राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भट्ठा मालिक, मुंशी, चौकीदार सहित अन्य के खिलाफ उन्हें बंधक बनाकर रखने, मारपीट करने की शिकायत दी गई थी।
मंगलवार शाम नायब तहसीलदार प्रेम प्रकाश अपने साथ लेबर इंस्पेक्टर धर्मबीर राठी, फूड इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह व पुलिस बल के साथ खेड़ी दहिया स्थित एक ईंट भट्ठे पर पहुंचे। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की तरफ से पत्र लिखकर ईंट भट्ठे पर मजदूरों को बंधक बनाकर रखने की सूचना दी गई थी। आरोप था कि मजदूरों को पैसा नहीं दिया जा रहा है और शपथ पत्र खरीदकर राशन कार्ड बनवाने के नाम पर उनके धोखे से अंगूठे लगवा लिए। बीमारी की हालत में उन्हें इलाज तक मुहैया नहीं करवाया जा रहा है। जिस पर अनुसूचित जाति आयोग की तरफ से आदेश जारी किए गए थे कि मजदूरों को उनकी बकाया राशि दिलवाने के साथ ही उनके सामान सहित पुलिस सुरक्षा के बीच वहां से निकलवाया जाए। इसके बाद नायब तहसीलदार ने सभी मजदूरों को सामान सहित भट्ठे मालिक के बंधन से मुक्त करवाया और मजदूरों की उनके घर जाने की व्यवस्था करवाई।