सोनीपत। मुरथल स्थित दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी) में परीक्षकों के बोर्ड व शोध समिति की अनुशंसा पर 6 विद्यार्थियों को पीएचडी उपाधि का पात्र घोषित किया गया है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने पीएचडी के पात्र घोषित किए 6 शोधार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्वक शोध पर बढ़ावा दिया जाता है। शोध को बढावा देने के लिए विश्वविद्यालय प्रत्येक विभाग के दो शोधार्थियों को नियमानुसार 25 हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त पीएचडी कर रहे प्रत्येक शोधार्थी को नियमानुसार 10 हजार रुपये आकस्मिक व्यय के लिए भी प्रदान किए जाएंगे।
पीएचडी उपाधि के पात्र घोषित किए गए विद्यार्थियाें में कंप्यूटर विज्ञान इंजीनियरिंग से ममता, भौतिक विज्ञान से सुषमा कुमारी, अनुपमा, धीरज यादव, रेणुका व सरला देवी शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों की पीएचडी उपाधि संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने अन्य शोधार्थियों को भी गुणवत्तापूर्वक शोध करने के लिए प्रेरित किया।