माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना (एमएमजीएवाई) 2.0 के तीसरे चरण के तहत जिले के तीन ब्लॉकों के 11 गांवों के लाभार्थियों को ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से प्लॉट आवंटित किए गए। ड्रॉ का आयोजन स्थित लघु सचिवालय के तृतीय तल पर सभागार कक्ष में किया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने की।
एमएमजीएवाई 2.0 के तहत गन्नौर ब्लॉक के 7 गांव, खरखौदा ब्लॉक के 3 गांव तथा सोनीपत ब्लॉक के एक गांव को शामिल किया गया है। गन्नौर ब्लॉक के अंतर्गत आहुलाना गांव से 138 लाभार्थी, बजाना खुर्द से 36, चिरस्मी गांव से 79, घसौली गांव से 78, खेड़ी गुर्जर गांव से 38, नया बांस गांव से 36 तथा उद्देशीपुर गांव से 29 लाभार्थियों का चयन किया गया।
इसी प्रकार खरखौदा ब्लॉक के झरोठी गांव से 21, रिढाऊ गांव से 33 तथा रोहट गांव से 33 लाभार्थी शामिल रहे। वहीं, सोनीपत ब्लॉक के गढ़ी हकीकत गांव से 17 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला।
एडीसी अजय चोपड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया है।
सभी चयनित लाभार्थियों की सूची संबंधित गांवों के सरपंच एवं ग्राम सचिवों को सौंप दी गई है ताकि वे लाभार्थियों को उनके प्लॉट नंबर की जानकारी दे सकें। इसके अतिरिक्त लाभार्थी अपने गांव के ग्राम सचिव या संबंधित बीडीपीओ कार्यालय से भी अपना प्लॉट नंबर जान सकते हैं।
ड्रॉ के दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष मलिक, बीडीपीओ राजेश, बीडीपीओ दिगंबर एवं बीडीपीओ अंकुर सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।