फोटो :16: सोनीपत में गिरफ्तार 50 हजार रुपये का इनामी कुलदीप। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
- फोटो : punch news
सोनीपत। हत्या के मामले में फरवरी से गायब 50 हजार रुपये के इनामी कुलदीप उर्फ भोलू को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वह प्रगति नगर, थाना सिटी सोनीपत का रहने वाला है। कुलदीप पर 9 फरवरी को विकास नगर के युवक वंश की हत्या करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान कुलदीप ने वंश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से वह गायब था। इस बीच उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को क्राइम यूनिट वेस्ट (सीआईए-1) सोनीपत की टीम ने कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया।
20 जुलाई 2025 की रात पुलिस को सूचना मिली कि कुलदीप गाजियाबाद के लोनी में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने लोनी क्षेत्र में छापा डालकर कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस घटना से संंबंधित साक्ष्य जुटाने की कोशिश करेगी।