गोहाना। जजपा के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश में जजपा का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जजपा प्रदेश में पांच लाख नए सदस्य बनाएगी।
इससे पार्टी का संगठन मजबूत बनेगा। अगर मौका मिला तो प्रदेश के लोगों की सोच का राज लेकर आएंगे। वह वीरवार को विभिन्न गांवों में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
दिग्विजय चौटाला ने गांव बरोदा, कथूरा, बिलबलान, बिधल, बड़वासनी, बैंयापुर व गोपालपुर में जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में गुंडागर्दी का बोलबाला है। मुख्यमंत्री न तो पुलिस को कंट्रोल पा रहे हैं और न ही प्रदेश में गुंडागर्दी पर रोक लगा पा रहे हैं। अपराधिक घटनाओं से लोगों में खौफ हैं।
वे बोले कि 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की खूब हवा थी लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं आई। उन्होंने कहा कि जजपा का वोटर किसान है।
प्रदेश में किसान आंदोलन के चलते चाहे इनेलो हो या कांग्रेस विपक्षी दलों ने अपना चोला बदल दिया और किसान का झंडा अपने हाथ में उठाकर दुष्यंत चौटाला को बदनाम करने के लिए सड़कों पर निकल गए।
इस दौरान महिला प्रदेश अध्यक्ष रजनी मलिक, जिलाध्यक्ष अशोक सरोहा, रमेश बड़ौली, पूर्व जिला अध्यक्ष राज सिंह दहिया, कुलदीप मलिक, सुमित राणा और शीलू खासा मौजूद रहे।