संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस साल विभाग ने 20 हजार एकड़ में धान की सीधी बिजाई करने का लक्ष्य रखा है। किसान इस विधि को अपनाकर जल संरक्षण के साथ खेती की लागत में कमी ला सकते है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रवीण गुलिया ने बताया कि धान रोपाई का सीजन शुरू होने वाला है। किसान पारंपरिक खेती के स्थान पर डीएसआर तकनीक को अपनाएं। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को आर्थिक लाभ के साथ जल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि धान की सीधी बिजाई अपनाने वाले किसानों को 4500 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। सरकार किसानों को डीएसआर तकनीक अपनाने के लिए अत्याधुनिक कृषि यंत्रों पर भी विशेष अनुदान दे रही है।
डीएसआर मशीन खरीदने वाले किसानों को मशीन की कुल कीमत का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 40 हजार रुपये (जो भी कम हो) का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डीएसआर मशीन पर अनुदान प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए किसान का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण होना आवश्यक है। आवेदन के समय ट्रैक्टर की वैध आरसी, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
इसके अतिरिक्त धान की सीधी बिजाई पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने के लिए भी किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।