सोनीपत। गोहाना की चार सड़कों का करीब 4.23 करोड़ रुपये की राशि से पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। करीब 8 गांवों के ग्रामीणों सहित वाहन चालकों को जल्द आवागमन सुगम हो सकेगा।
फिलहाल खस्ताहाल सड़कों पर गड्ढे वाहन चालकों के आवागमन में बाधा बन रहे हैं। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) ने चारों सड़कों के नवर्निर्माण को लेकर टेंडर प्रकिया पूरी कर ली है। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से करीब 20 दिन में इन सड़कों पर कार्य शुरू किया जाएगा।
मार्केटिंग बोर्ड ने गोहाना की चार सड़कों के नवर्निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुख्यालय से अलॉटमेंट मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि करीब 10 दिन में सड़कों की अलॉटमेंट मिलते ही इनका पुनर्निर्माण करवाने की तैयारी शुरू की जाएगी।
ग्रामीण कई बार अधिकारियों से सड़कों का पुनर्निर्माण करवाने की मांग कर चुके हैं। ग्रामीण नरेश कुमार, राजकुमार, अतर सिंह, बलबीर सिंह, दिनेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के कारण ग्रामीण परेशान हैं। दोपहिया वाहन चालकाें को खस्ताहाल सड़कों पर दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। गड्ढों में वाहन चलाने से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
वाहनों के रखरखाव पर उन्हें समय से पहले पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। सड़कों का सुधार होने से ग्रामीणों सहित वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर लोगों को बारिश में गड्ढों का सामना नहीं करना पड़ेगा। वाहन इन सड़कों पर सरपट दौड़ सकेंगे।
इन सड़कों का होगा पुनर्निर्माण
सड़क का नाम राशि
गांव नयात से खानपुर रोड 87.90 लाख
गांव लाठ से रबड़ा रोड 73.90 लाख
गांव भठगांव से खेड़ी दहिया रोड 78.80 लाख
गांव गुहणा से भैंसवाल रोड 1.83 करोड़
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की ओर से गोहाना क्षेत्र की चार सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मुख्यालय से अलॉटमेंट की मांग की गई है। इसके मिलते ही सड़कों पर पुनर्निर्माण का कार्य शुरू करवाया जाएगा। -बिजेंद्र हुड्डा, उपमंडल अभियंता, मार्केटिंग बोर्ड, सोनीपत