अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। लघु सचिवालय में मंगलवार को उपायुक्त नेहा सिंह ने खनन से संबंधित मुद्दों को लेकर जिलास्तरीय टास्क फोर्स के साथ बैठक की। इसमें अवैध खनन की रोकथाम, निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने व संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा की।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने खनन अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से नाके लगाकर नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि इन नाकों पर सिंचाई विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) व अन्य विभागों के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
उन्होंने आरटीए अधिकारियों को ओवरलोड वाहनों के चालान करने के निर्देश दिए। सहायक खनन अभियंता सीबी तिवारी ने बताया कि 26 फरवरी से 1 जून तक जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान 38 वाहनों को जब्त किया गया।
इस अवधि के दौरान वाहनों से 13 लाख 92 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में विभाग को 1,48,91,939 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके अलावा एक एफआईआर दर्ज करवाई गई है जबकि पांच मामले अभी लंबित हैं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसीपी विपिन, आरओ अजय मलिक, एक्सईएन नितिन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।