संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मतदाता सूची के संक्षिप्त गहन पुनरीक्षण एवं मैपिंग कार्य को समयबद्ध व शत-प्रतिशत पूरा करने के उद्देश्य से मंगलवार को एसडीएम सुभाष चंद्र ने लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र में एसआईआर के तहत चल रहे मतदाता सूची मैपिंग कार्य की प्रगति रिपोर्ट ली।
एसडीएम ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी बीएलओ बनाए गए हैं उनको ड्यूटी से किसी भी परिस्थिति में नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से सौंपे गए दायित्वों का सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि सोनीपत शहर में मतदाता सूची मैपिंग का 35 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे रेजिडेंसियल वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के सहयोग से पांच दिन में शेष कार्य पूरा करने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अधिक माइग्रेशन होने के कारण मतदाता सूची को अद्यतन रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अतिरिक्त सावधानी बरतें।
एसडीएम ने कहा कि मैपिंग कार्य पूर्ण होने के बाद फील्ड स्तर पर अतिरिक्त कार्यभार नहीं रहेगा इसलिए वर्तमान चरण में सभी अधिकारी अधिकतम समय इस कार्य को दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मैपिंग सही से नहीं की गई तो भविष्य में मतदाताओं के नाम सूची से हटने की शिकायतें बढ़ सकती हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
एसडीएम ने बीएलओ को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित करने, अधिक से अधिक फील्ड विजिट करने व प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी एआरओ, सुपरवाइजर व अधिकारियों को निर्देश दिए किया कि वह बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करें।
उन्होंने सभी एआरओ, सुपरवाइजर एवं बीएलओ को लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि जिन बूथों पर वर्तमान मैपिंग 50 फीसदी के आसपास है वहां इसे बढ़ाकर कम से कम 75 फीसदी तक पहुंचाया जाए।