हरियाणा के सोनीपत में मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल, राई में शिक्षा ग्रहण करने वाले करीब 35 विद्यार्थी चिकनपॉक्स की चपेट में आ गए हैं। 20 दिनों से कोई न कोई विद्यार्थी चिकनपॉक्स की चपेट में आ रहा है। विद्यार्थियों के लगातार बीमार होने के बाद स्कूल प्रबंधन जागा और अन्य विद्यार्थियों को इस बीमारी से बचाने के लिए चौथी से आठवीं कक्षा तक 10 दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। इसमें 7वीं व 8वीं कक्षा का अवकाश पहले घोषित किया गया था। जबकि चौथी से छठी कक्षा का अवकाश पांच दिसंबर को घोषत किया गया है।
नेशनल हाईवे-44 पर बीसवां मील स्थित प्रदेश के एकमात्र खेलकूद स्कूल में प्रदेश सहित अन्य स्थानों से 950 विद्यार्थी खेल अभ्यास के साथ ही शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल में चौथी से 12वीं कक्षा तक पढ़ाई होती है। स्कूल में प्रत्येक कक्षा में 100 विद्यार्थी हैं। इसमें 50 छात्राएं व 50 छात्र शामिल हैं।
स्कूल के विद्यार्थियों में चिकन पॉक्स की बीमारी फैलने से स्वास्थ्य विभाग भी सकते में हैं। काफी दिनों से स्कूल में कोई न कोई बच्चा बीमार होकर अस्पताल पहुंच रहा था। स्कूल के चौथी से आठवीं कक्षा तक के करीब 35 बच्चे अब तक बीमार हो चुके हैं।
जिन्हें नागरिक अस्पताल से इलाज दिलवाया जा रहा है। स्कूल में बच्चों के लगातार चिकन पॉक्स की चपेट में आने से स्कूल प्रशासन जागा और पांच कक्षाओं का 10 दिन का अवकाश घोषित कर दिया, ताकि अन्य बच्चों में बीमारी न फैले और यह बच्चे भी पूरी तरह स्वस्थ होकर स्कूल पहुंच सकें।
20 दिन से आ रहे बीमार बच्चे
नागरिक अस्पताल के आरएमओ एवं चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश सिंघल ने बताया कि करीब 20 दिन से खेल स्कूल से एक-दो बच्चे नियमित अंतराल पर स्कूल स्टाफ या परिजनों के साथ उपचार कराने पहुंच रहे हैं। ये बच्चे चिकन पॉक्स से पीड़ित मिले हैं। इन सभी बच्चों को उपचार देने के बाद घर पर ही रहने (होम आइसोलेशन) की सलाह दी गई है। ताकि दूसरे बच्चों में यह बीमारी न फैल सके।
स्कूल में नहीं है कोई चिकित्सक
खेलकूद राई में पहले दो चिकित्सक तैनात थे, इनमें एक महिला चिकित्सक थी। दोनों चिकित्सकों का तबादला होने के बाद अब यहां कोई भी चिकित्सक नहीं है। हालांकि खेल विभाग की मांग पर स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी बढ़खालसा से एक महिला चिकित्सक की यहां अस्थायी ड्यूटी लगाई है। वह नियमित अंतराल पर आकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करती है। लेकिन रात के समय स्कूल में कोई चिकित्सक नहीं रहता।
दिवाली की छुट्टी के बाद जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उनमें कुछ बीमार थे, जिनका उपचार करवाया गया था। उसके बाद से ही नियमित अंतराल पर एक-दो बच्चा बीमार होता रहा। अब तक करीब 35 बच्चे चिकन पॉक्स की चपेट में आ चुके हैं। इनमें सातवीं व आठवीं कक्षा के तीन बच्चे हैं, शेष सभी चौथी से छठी कक्षा तक के बच्चे हैं। चिकित्सकों से परामर्श के बाद स्कूल में पहले सातवीं व आठवीं कक्षा की छुट्टी की गई थी। बाद में चौथी से छठी कक्षा तक का भी 10 दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है, ताकि सभी बच्चे पूरा उपचार लेकर स्वस्थ होकर लौट सके और अन्य विद्यार्थियों में बीमारी फैलने से बच सके। अब स्कूल में 9वीं से 12वीं कक्षाओं के ही विद्यार्थी मौजूूद हैं।
- मौसमी घोषाल, उप प्राचार्य, खेलकूद स्कूल, राई
खेल स्कूल के कुछ बच्चों को चिकन पॉक्स हुआ है, जिन्हें उपचार दिलवाया गया है। सिविल सर्जन की हिदायतों के अनुसार अन्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए चौथी से आठवीं कक्षा तक की 10 दिन की छुट्टी कर दी गई है। बच्चों के स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- पंकज नैन, खेल निदेशक एवं प्राचार्य, मोतीलाल नेहरू खेलकूद स्कूल, राई