स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण को बढ़ाया दिया जा रहा है, लेकिन विभाग के पास मात्र 3200 वैक्सीन बची हुई हैं। बुधवार को बहुत कम केंद्रों पर वैक्सीनेशन हो पाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को 48 जगहों पर वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान 12072 लोगों ने लगवाई, इसमें सबसे ज्यादा युवा वर्ग ने वैक्सीनेशन कराया। मंगलवार को 4347 युवाओं ने टीका लगवाया, जिनमें 3891 ने पहली डोज और 456 ने दूसरी डोज लगवाई।
सोमवार को जिले में वैक्सीन की किल्लत के कारण कई सेंटरों पर वैक्सीनेशन का कार्य बंद था। जिसके कारण लोगों को घर लौटना पड़ा था। सोमवार को 10 हजार से ज्यादा वैक्सीन का स्टाक जिले में पहुंचा था। वैक्सीन मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को जिले में 48 जगहों पर वैक्सीनेशन हुआ। मंगलवार को 1651 हेल्थ वर्कर्स, 2750 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 4347 युवाओं व 44 से 60 आयु वर्ग के 2889 ने टीका लगवाया, जबकि 435 बुजुर्गों ने वैक्सीनेशन कराया।
रोटरी क्लब ने कराया 156 लोगों को वैक्सीनेशन
रोटरी क्लब द्वारा जाट धर्मशाला गन्नौर में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वैक्सीन कैंप लगाया गया, जिसमें क्लब के प्रधान डॉ. जोगेंद्र धनखड़, डॉ. वेदप्रकाश राठी, कृष्ण, अमित बत्रा, अनिल खत्री ने लोगों को जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग से जितेंद्र, बबीता, कमलेश, अंजना, मनिता आदि ने टीकाकरण किया। 156 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। डॉ. जोगेंद्र धनखड़ ने कहा कि हमें कोरोना से बचाव को लेकर वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए।
दो नए संक्रमित मिले, नौ मरीजों को छुट्टी मिली
जिले में राहत की बात यह है कि मंगलवार को किसी भी व्यक्ति की मौत कोरोना से नहीं हुई है। संक्रमित दर काफी नीचे पहुंच गई है तो रिकवरी रेट काफी ऊपर पहुंच गया है।
जिले में मंगलवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 47 हजार 434 हो गई है। मंगलवार को भी नौ मरीज के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 47 हजार 170 मरीज ठीक हो चुके हैं और 10 का इलाज चल रहा है। जिले में अब तक कोरोना से 254 लोगों की मौत हो चुकी है।