सोनीपत। राई स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में मेयर राजीव जैन ने सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य सलाहकार डीएस ढेरी के साथ बैठक की।
उन्होंने विकास में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि गांव राठधना में 30 मिलियन लीटर (एमएलडी) रोजाना क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जाए। इससे शहर की सीवरेज समस्या का समाधान हो सके।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत की आबादी लगातार बढ़ रही है, इसलिए जुलाई 2024 को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पास किए गए कार्यों को शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा जरूरी सोनीपत एवं कुंडली में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण है। बैठक में प्राधिकरण की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीना हुड्डा, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, मुख्य अभियंता यजेश मोहन मेहरा, अधीक्षण अभियंता जगदीश शर्मा, निगम के कार्यकारी अभियंता विशाल गर्ग, अमित कौशिक उपस्थित रहे।
मेयर ने निगम क्षेत्र में आने वाले लेजर वैली पार्क व देवीलाल पार्क के पुनर्निर्माण की मांग की। उन्होंने देवीलाल पार्क के एक हिस्से को बड़े चिल्ड्रन पार्क के रूप में भी विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में सीवरेज की मास्टर लाइन प्राधिकरण को बिछानी है, इस पर भी जल्द काम शुरू किया जाए।
मेयर ने शहर में पेयजल की बढ़ती मांग के मद्देनजर जाजल रेनीवाल के अतिरिक्त चार कुएं और बनाने की मांग भी रखी। इस पर मुख्य सलाहकार डीएस ढेसी ने आश्वासन दिया कि अब प्राधिकरण का कार्य सुचारु रूप से शुरू हो गया है, इसलिए विकास कार्यों का खाका आगे बढ़ाया जाएगा।
फोटो 07: सोनीपत के राई स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में मेयर व अधिकारियों के साथ बैठक करते सोन- फोटो : mathura