खरखौदा। गांव फरमाणा में घर के अंदर खड़ी कार से चोर तीन लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरमाणा गांव निवासी सत्यनारायण शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन अगस्त को वह कांवड़ियों के लिए भंडारे का सामान लेने रोहतक गए थे। रात करीब 10 बजे वह घर लौटे और कार को घर के अंदर खड़ा कर दिया। कार में रखा एक बैग वह देर रात होने के कारण बाहर नहीं निकाल सके।
अगली सुबह कार का दरवाजा खुला मिला और बैग गायब था। बैग में तीन लाख रुपये की नकदी, तीन चांदी के सिक्के और कुछ जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खरखौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।