गोहाना । रुपये दोगुना करने का झांसा देकर 28.54 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर धमकी दी जा रही है। आरोपी अपनी प्रॉपर्टी बेचकर भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने गोहाना निवासी कृष्ण गोपाल और उसकी पत्नी निशा, उसके बेटे नितिन कुमार और रोम्पी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुख्य बाजार निवासी सुनील ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह शहर में दुकान चलाते हैं। उनके पास कृष्ण गोपाल आता था। कृष्ण गोपाल ने उनसे कहा था कि वह व उसका परिवार ह्यूमन सोसायटी बैंक की शाखा चलाते हैं। यहां कुछ समय में रुपये दोगुना कर दिए जाते हैं। उसने कहा था कि उसका बेटा नितिन कुमार बैंक की शाखा का प्रबंधक है। दस्तावेज व बांड दिखाकर उन्हें झांसे में ले लिया गया।
पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने कहा कि वह कंपनी के बारे में नहीं जानते तो आरोपियों ने रुपये वापस दिलाने की जिम्मेदारी ली थी। उन्होंने झांसे में आकर स्वयं के साथ ही पत्नी और बहनों के रुपये लगवा दिए थे। उन्होंने करीब 4.27 लाख रुपये, उनकी पत्नी कविता ने 12 लाख, झज्जर निवासी बहन अंशु रानी ने 8 लाख और टोहाना (फतेहाबाद) निवासी बहन वीना रानी ने 4.27 लाख रुपये अलग-अलग समय जमा करवाए थे। उन्हें बांड के फर्जी दस्तावेज बनाकर दिए गए थे।
आरोपी लक्की ड्राॅ के बहाने भी उनसे कई माह तक तीन हजार रुपये प्रति माह ठगता रहा। बाॅन्ड की समय अवधि पूरी होने पर रुपये वापस मांगे तो बहाने बनाने शुरू कर दिए गए। बाद में कहा गया कि रुपये निकलवाने के लिए कुछ खर्च लगेगा, जिस पर शक हुआ। जब रुपये देने का दबाव बनाया तो मारपीट पर उतारू हो गए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा रुपये मांगे तो मार देंगे। आरोपियों ने उनके अलावा कई लोगों ने धोखाधड़ी की है।