हरियाणा के सोनीपत में आंधी आने के कारण सोमवार रात में बिजली व्यवस्था चरमरा गई। आधी के कारण जिले में 273 खंभे टूट गए तो 24 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। रात नौ से 12 बजे तक पूरे शहर की बिजली गुल रही। कई गांवों में मंगलवार शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। बिजली लाइन में आए फाल्ट को दूर करने में बिजली कर्मी मंगलवार शाम तक जुटे थे। साथ ही शहर में दिनभर कट लगते रहे। खंभे टूटने व ट्रांसफार्मर गिरने के कारण बिजली निगम को दो करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
सोमवार रात नौ बजे आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। जिससे बिजली आपूर्ति चरमरा गई। कुछ जगहों पर बिजली के तारों और खंभे पर पेड़ गिर गए। जिसकी वजह से शहर में तीन घंटे व ग्रामीण क्षेत्र में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं कई क्षेत्रों में शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
बिजली निगम के अनुसार जिले में 273 खंभे और 24 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी से इंसुलेटर और जंपर टूट गए। बिजली निगम के कर्मचारी सोमवार रात से मंगलवार शाम तक लाइनों में आए फाल्ट को ठीक करने में जुटे रहे। रात 12 बजे शहर के अधिकांश हिस्सों में और बाकी हिस्सों में मंगलवार सुबह आपूर्ति शुरू हुई। हालांकि कई गांवों में मंगलवार शाम तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
सोनीपत-गोहाना रोड पर टूटा पेड़, लगा जाम
आंधी के कारण सोनीपत-गोहाना रोड पर एक पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही की कोई वाहन चालक उस समय वहां से नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास के दुकानदारों ने खुद ही पेड़ की कटाई कर सड़क पर रास्ता साफ किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो पाया।
बिजली घर की मुख्य लाइन के सात खंभे टूटे
सोमवार रात बुटाना बिजली घर की मुख्य लाइन के सात खंभे टूटने से गांव बुटाना, गंगाना, राणा खेड़ी, सिवानामाल, ईशापुर खेड़ी और कोहला में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सोमवार दोपहर को नए खंभे गाड़ने के बाद बिजली चालू की गई। मुरथल रोड स्थित विकास नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात साढ़े 11 बजे बिजली आई, लेकिन कम वोल्टेज होने पर कोई उपकरण नहीं चल पाया।
तार टूटने की सूचना के बाद बिजली निगम ने आपूर्ति बंद कर दी। जेई प्रदीप खोखर ने बताया कि दोपहर 12 बजे तार जोड़े जाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। दिन में भी लोगों को लो वोल्टेज के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिले में टूटे खंभे व ट्रांसफार्मर की स्थिति
डिविजन खंभे ट्रांसफार्मर
- सिटी डिविजन 38 4
- सब अर्बन 118 12
- गोहाना 117 8
आंधी के कारण 273 खंभे और 24 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, जिसकी वजह से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कर्मचारी व अधिकारी रात को ही फील्ड में उतर गए थे। अधिकतर जगहों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। -संदीप जैन, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम सोनीपत।