अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। रोडवेज कर्मियों के समर्थन में हड़ताल करके औद्योगिक क्षेत्र सब डिवीजन कार्यालय के बाहर धरना दिए बैठे बिजली कर्मियों ने अपने ही कार्यालय की बत्ती गुल कर दी। जिससे वहां कंप्यूटर बंद होने से बिल जमा करने का काम भी बंद हो गया। बिल जमा नहीं होने से वहां पहुंची महिलाएं भड़क गईं और हंगामा शुरू कर दिया। आपरेटरों ने हड़ताल पर बैठे कर्मियों के बिजली कट करने की बात कही तो महिलाओं ने ईंट उठाकर धरने पर बैठे कर्मियों को दौड़ा दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। उसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर महिलाओं ने रेलवे रोड पर रेस्ट हाउस के सामने जाम लगा दिया। जिसके बाद शहरी ट्रैफिक प्रभारी ने जाम खुलवाया। उसके बाद कार्यालय में ले जाकर उनके बिल जमा करवाए जा सके।
सोमवार को बिजली निगम कर्मी भी रोडवेज कर्मियों के समर्थन में हड़ताल पर बैठ गए। इंद्रा कॉलोनी स्थित कार्यालय में हड़ताली कर्मियों ने काम से बचने के लिए औद्योगिक क्षेत्र सब डिवीजन कार्यालय की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इस कारण कंप्यूटर भी बंद हो गए। इससे बिजली बिल जमा करने आए उपभोक्ताओं को ऑपरेटरों ने बिजली नहीं होने की बात कहते हुए बिल जमा करने से मना कर दिया। इस पर आखिरी तारीख होने के कारण उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। बिल जमा करने आने वाली ज्यादातर महिलाएं होने के कारण बिल जमा नहीं होने से महिलाएं भड़क गईं। कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठे हड़ताली कर्मियों के पीछे महिलाएं ईंट-पत्थर लेकर दौड़ पड़ीं। जिस पर कर्मी वहां से उठकर भाग गए। महिलाएं कार्यालय के अंदर भी कर्मियों के पीछे ईंट लेकर दौड़ीं। जिससे अफरा-तफरी मच गई। उसके बाद भी बिल जमा नहीं होने पर महिलाओं ने रेलवे रोड पर जाम लगा दिया। जहां शहरी ट्रैफिक प्रभारी रमेश चंद्र ने समझाकर जाम खुलवाया। उसके बाद कार्यालय में ले जाकर महिलाओं के बिल जमा कराए गए।
महिलाओं का उग्र रूप देख भागे बिजली कर्मी
बिजली निगम दफ्तर में बिल जमा कराने की सोमवार को आखिरी तारीख थी। जिसके चलते करीब 200 पुरुष व महिलाएं बिजली का बिल जमा कराने पहुंचे थे। जब उन्हें बिजली कनेक्शन कर्मियों द्वारा काटे जाने की जानकारी मिली तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। इससे महिलाओं का गुस्सा देखकर और हाथों में ईंटें देखकर हड़ताली कर्मियों को भागना ही पड़ा।
पुलिस से भी हुई महिलाओं की नोकझोंक
महिलाओं के उग्र प्रदर्शन के बाद भी जब बिल जमा नहीं हुए तो कुछ महिलाएं एकत्रित होकर रेस्ट हाउस तिराहे पर जाम लगाने पहुंच गईं। कुछ देर में ही वाहनों की कतार लग गईं। जिस पर पुलिस ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया तो पुलिस से भी नोकझोंक हुई। ट्रैफिक प्रभारी रमेशचंद्र ने उन्हें समझाया। महिलाएं बिल जमा कराने के आश्वासन पर ही शांत हुईं।
वर्जन
हड़ताली कर्मियों ने बिजली सप्लाई बाधित कर दी थी। जिसके बाद करीब साढ़े 12 बजे बिजली सप्लाई सुचारू की गई। उस पर सभी के बिल जमा कराए गए। बिजली के बिल जमा कराने का समय तीन बजे से बढ़ा दिया गया। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाया गया।
केशव कुमार, एसडीओ, औद्योगिक क्षेत्र
वर्जन
महिलाओं ने बिजली के बिल जमा कराने की मांग को लेकर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचकर उन्हें तुरंत समझाकर जाम खुलवाया गया। जिसके बाद वाहन चालकों को राहत मिली।
रमेशचंद्र, प्रभारी, शहरी ट्रैफिक क्षेत्र