अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर मेन रेलवे लाइन की ओएचई तार में अचानक फाल्ट आ गया। इस दौरान अप-डाउन की आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों प्रभावित रही। सूचना के बाद सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची रेलवे की टीम ने करीब सवा तीन घंटे में फाल्ट दूर किया। फाल्ट की वजह से ट्रेनें प्रभावित होने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार दोपहर करीब 1.15 बजे सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर ओएचई तार में तकनीकी फाल्ट आया गया। सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर मेन लाइन प्रभावित होने से पैसेंजर के साथ कई एक्सप्रेस गाड़ियों को लूप लाइन से निकाला गया। फाल्ट के चलते रास्ते में दिल्ली-पानीपत पैसेंजर, दिल्ली-कालका पैसेंजर, शान ए पंजाब एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, सचखंड एक्सप्रेस, जनशताब्दी सहित कई ट्रेनों को रोककर चलाया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रेलवे की टीम ने फाल्ट को दूर किया। शाम 4.37 बजे ओएचई का फाल्ट दूर किए जाने के बाद मैन लाइन को चालू कर दिया गया।