एसटीएफ सोनीपत की टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भिवानी सिटी थाना क्षेत्र में अपनी पुत्रवधू की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने के मामले में छह साल से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी भिवानी के लोहड़ बाजार स्थित धोबी तालाब क्षेत्र का रहने वाला बजरंग है। आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
एसटीएफ सोनीपत प्रभारी सतीश देशवाल ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि 23 जुलाई, 2015 को थाना शहर भिवानी में अपनी पुत्रवधू सुनीता की हत्या के मामले में भगौड़ा आरोपी बजरंग मुरथल क्षेत्र में आएगा। जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए मुरथल फ्लाईओवर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बजरंग पर अपनी पुत्रवधू सुनीता की कुल्हाड़ी से 20 से अधिक वार कर बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। आरोपी वारदात के बाद से फरार था। उसे वर्ष 2017 में भगौड़ा आरोपी घोषित किया गया था। इतना ही नहीं भिवानी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा था। एसटीएफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी अपनी पुत्रवधू पर गलत नजर रखता था। उसके विरोध करने के चलते अक्सर घर में कलह रहती थी। आरोपी ने इसी के चलते वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उसे अब भिवानी सिटी थाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लेगी।
फरारी के दौरान उत्तराखंड, यूपी, गुजरात व राजस्थान में छिपता रहा आरोपी
एसटीएफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि वह फरारी के दौरान उत्तराखंड के हरिद्वार, यूपी के मुजफ्फरनगर, गुजरात के अहमदाबाद, राजस्थान के अलवर आदि में छिपता रहा। वह पहले ट्रक पर क्लीनर का काम करता था। बाद में अलवर में वाहनों में डलने वाले ग्रीस को बेचने का काम करने लगा था।