खेवड़ा के डीपीएस में हरियाणा बॉक्सिंग संघ की तरफ से बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में युवा राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। जहां हरियाणा की 12 महिला मुक्केबाजों और सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) के 9 पुरुष मुक्केबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता के दौरान एसएससीबी के विश्वनाथ सुरेश (48 किलो) ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पंजाब के गोपी को हराया। सभी जजों ने सुरेश के पक्ष में फैसला दिया। अगले दौर के मुकाबले में उनका सामना आंध्र प्रदेश के उपेंद्र चल्ला से होगा। वहीं युवा विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुके विश्वामित्र चोंगथम (51 किलो) का सामना हरियाणा के रमन से हुआ। उन्होंने अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए फाइनल में पहुंचने के लिए 5-0 अंक से जीत दर्ज की। अब वह स्वर्ण पदक के लिए हिमाचल प्रदेश के अभिनव कटोच से भिड़ेंगे। फाइनल में जगह बनाने वाले एसएससीबी के बाकी सात मुक्केबाज विक्टर सिंह (54), विजय सिंह (57), रबीचंद्र सिंह (60), सनतोई मैतेई (63), अंजनी कुमार (67), जयदीप रावत (71), दीपक (75) शामिल हैं।
वहीं महिला वर्ग में वर्ष 2021 की युवा विश्व चैंपियन गीतिका (48) ने दिन के पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश की रागिनी उपाध्याय के खिलाफ एकतरफा अंदाज में 5-0 अंक की जीत हासिल की। अब फाइनल में उनका सामना उत्तराखंड की निवेफिता कार्की से होगा। 52 किलो फ्लाईवेट वर्ग के सेमीफाइनल में, हरियाणा की नीरू खारती को पहले राउंड में उत्तर प्रदेश की आंचल सिंह के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा लेकिन नीरू ने और अगले दो राउंड में बेहतर प्रदर्शन कर 5-0 से जीत हासिल की।
सेमीफाइनल में जीतने वालों में तमन्ना (50), नेहा (54), प्रीति (57), प्रीति दहिया (60), खुशी (63), मुस्कान (66), सनेहा (75), निधि (81), लशु यादव (70) और दीपिका (+81) शामिल है। पुरुष और महिला दोनों वर्ग के फाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले जाएंगे।