सोनीपत। एलएलबी की छात्रा ने एक युवक पर फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 20 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने खुद को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का पदाधिकारी बताकर उससे नकदी ऐंठी। आरोपी ने उसका साक्षात्कार लिया गया और एक पार्क में ट्रेनिंग भी कराई गई। छात्रा के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से कुरुक्षेत्र के गांव की रहने वाली विश्वास ने पुलिस को बताया कि वह एलएलबी की छात्रा है। उसकी मुलाकात सोनीपत न्यायालय परिसर में मनोज से हुई थी। उसने खुद को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अधिकारी बताया था। उसने बताया कि मानवाधिकार आयोग में लीगल एडवाइजर के पद पर नियुक्ति होनी है। इसके लिए उससे कागजात और 20 हजार रुपये लिए गए। मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसका साक्षात्कार लिया और एक पार्क में उसको ट्रेनिंग दी गई। उसने बताया कि आरोपियों ने उसको वर्ष 2012 के परिणाम की फर्जी लिस्ट थमा दी। उसका नाम लिस्ट में दिखाकर 36 हजार रुपये वेतन बताया गया। अब उससे दो लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।