फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी के मुनीम से लूटे 2.68 लाख

Sat, 06 Jun 2015 01:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में दिनदहाड़े बाइक सवार दो नकाबपोश युवक नरेला मंडी के खल-बिनौला व्यापारी विनोद गर्ग के मुनीम अजीत सिंह से 2 लाख 68 हजार 200 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
विज्ञापन


वारदात रोहतक रोड के नजदीक स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पिस्तौल दिखाकर अंजाम दी गई। विनोद गर्ग शहर के सेक्टर-12 के ही रहने वाले हैं, लेकिन ज्यादातर कारोबार नरेला मंडी से ही चलाते हैं।

विनोद गर्ग ने पुलिस को बताया कि उनकी नरेला मंडी में पशु आहार की थोक की दुकान है। लंबे समय से शहर के 15 से 20 व्यापारियों को माल सप्लाई करते आ रहे हैं।
विज्ञापन


इसी सिलसिले में अक्सर मुनीम पटेल नगर निवासी अजीत सिंह कलेक्शन लेने शहर आता है। वह उसके पास आठ साल से काम कर रहा है।

सुबह अजीत सोनीपत अनाज मंडी स्थित मनसा राम पूर्णमल फर्म के संचालक अरुण अग्रवाल के पास बकाया लेने पहुंचा।

यहां से मिले दो लाख 68 हजार 600 रुपये उसने स्कूटी की डिग्गी में डाले और सेक्टर-12 स्थित विनोद गर्ग के मकान के लिए चल पड़ा।

अजीत का कहना है कि जब वह औद्योगिक एरिया से गुजरने लगा तो हिंदू चेरिटेबल अस्पताल के नजदीक रुमाल से मुंह ढके बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।

अजीत ने बताया कि उन्हें पहले से पता था कि स्कूटी की डिग्गी में पैसे हैं। क्योंकि रुकते ही युवकों ने उसे रिवाल्वर दिखाकर कहा कि साइड में आ जाओ और डिग्गी से पैसे निकालकर दे। डिग्गी खोलते ही युवक से पैसों से भरा थैला लेकर ओल्ड रोहतक रोड की तरफ फरार हो गए।

लुटेरे जाते समय बोले, विनोद गर्ग को बता देना
मुनीम का कहना है कि जाते समय बाइक सवार कहकर गए हैं कि वारदात के बारे में अपने मालिक विनोद गर्ग को जरूर बता देना। इससे साफ है कि वे व्यापारी को अच्छी तरह से जानते थे और उन्होंने पूरी रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया है। ऐसे में पुलिस विनोद गर्ग से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसकी किसी से कभी कहासुनी हुई या नहीं।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
दिनदहाड़े लूट की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। क्योंकि जहां वारदात अंजाम दी गई, उसके सामने स्थित फैक्टरी के ऊपर सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसमें वारदात अंजाम देते युवक दिखाई दे रहे है, लेकिन दूरी ज्यादा होने से लुटेरे पहचान में नहीं आ रहे हैं। अब पुलिस अनाज मंडी से लेकर वारदात स्थल तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि कोई सुराग लग सके।

50 सेकेंड में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के हाथ लगे फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि लुटेरों ने मुनीम को 9 बजकर 30 मिनट 25 सेकेंड पर रुकवाया। इसके बाद अगले 50 सेकेंड में पिस्तौल दिखाकर ढाई लाख से ज्यादा की नकदी लेकर चंपत हो गए।

...जब थाना प्रभारी बोले, बाद में कर लेना ड्रामा
हुआ यूं कि अजीत ने वारदात की सबसे पहले सूचना खल-बिनौला व्यापारी विनोद गर्ग को दी। वे दूसरे व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी कमलजीत सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान विनोद जोर-जोर से व्यापारियों को आपबीती सुना रहे थे। अचानक एक पुलिसकर्मी ने कहा कि ड्रामा बाद में कर लेना, पहले बताओ वारदात कैसे हुई। यह सुनते ही व्यापारी भड़क गए। विनोद ने तुरंत ही भाजपा नेता राजीव जैन को फोन पर कहा कि पुलिस उनके विरोध को ड्रामा बता रही है। इस पर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और एसपी अशोक कुमार से बात की। एसपी ने डीएसपी मुकेश जाखड़ को मौके पर भेजा। हालांकि बाद में व्यापारी शांत हो गए।

डीजीपी से करेंगे बात: जैन
कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक कविता जैन के पति और भाजपा नेता राजीव जैन का कहना है कि शहर के व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने एसपी से पूरे मामले के संबंध में बात की है। जल्द आईजी और डीजीपी से बात करेंगे।

पुलिस पर भारी पड़ रहे लुटेरे
लुटेरे पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। मई माह में बाइक सवार दो युवक जिला बार के एक वकील की कार छीनकर ले गए थे, लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले को लेकर दो सप्ताह से ज्यादा समय तक बार में वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा। इसके बावजूद कोई कामयाबी नहीं मिल सकी। हालांकि बाद में डीजीपी के आश्वासन पर वकीलों ने हड़ताल खत्म की थी।

जल्द लुटेरों को पकड़े पुलिस
वारदात के बाद व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राम नारायण गोयल, जिला संयोजक संजय कुच्छल, जिला प्रवक्ता पवन तनेजा, अशोक गर्ग, राजेश सिंगला, विपुल कुच्छल और दूसरे व्यापारी नेता मौके पर पहुंचे और पीड़ित व्यापारी विनोद गर्ग से बातचीत की। पुलिस प्रशासन से मांगी की कि जल्द लुटेरों को पकड़ा जाए, ताकि शहर के व्यापारियों को सुरक्षा का अहसास हो सके। जिला व्यापार मंडल के संयोजक संजय वर्मा ने कहा कि पुलिस को चाहिए कि कारोबार वाले एरिया में गश्त बढ़ाए। अगर जल्द ही पुलिस ने लुटेरों को नहीं पकड़ा तो व्यापारी सड़क पर उतरकर प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे।

पुलिस ने वारदात की सूचना मिलते ही इलाके की नाकाबंदी कर दी थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। एक फैक्टरी के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हाथ लगी है, लेकिन दूरी ज्यादा होने से चित्र साफ नहीं आए। फिर भी पुलिस लुटेरों को दबोचने के लिए छापामारी कर रही है। सिटी, सीआईए व स्पेशल स्टाफ की अलग अलग टीम बनाई गई हैं।
विज्ञापन

-मुकेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें