अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के चलते निजी बस चालकों की मनमानी शुरू हो गई। निजी बस चालक बस स्टैंड से विद्यार्थियों को बैठा लेते है, लेकिन उन्हें शहर से निकलने के बाद उतार देते है। सोमवार को प्राइवेट बस के परिचालक ने विद्यार्थियों को यह कहकर बस से उतार दिया कि उनकी बस में पास नहीं चलेगा और उनको किराया देना होगा।
शहर के उत्तम नगर निवासी छात्रा निधि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक के नेकीराम कॉलेज में बीकॉम की छात्रा है और हर रोज रोहतक के लिए जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोडवेज के सभी नियमों को सहकारी समिति की बसों में मान्य करने के निर्देश दिए हैं। वह अपनी सहेली प्रीति व अन्य विद्यार्थियों के साथ गोहाना बस स्टैंड से प्राइवेट बस में बैठी थी। बस शहर से निकली ही थी कि परिचालक ने उनसे किराया देने मांग लिया, जब छात्र व छात्राओं ने कहा कि उनके रोडवेज के बस पास है तो परिचालक ने बस रुकवा दी और सभी विद्यार्थियों को वहां पर उतार दिया। छात्रा ने कहा कि अगर जल्द ही निजी बस चालकों का रवैया नहीं बदला तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
वर्जन
छात्रा निधि ने बस नंबर के साथ उन्हें शिकायत दी है। रोहतक रूट पर चलने वाली बसों के मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। चालक व परिचालक का पता लगाकार उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजपाल, थाना शहर प्रभारी।