अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर की गीता भवन मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चार लाख की लागत से मार्केट की पहल पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने में काफी मदद मिलेगी। इससे अपराधियों पर निगाह रखना आसान हो सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही साढ़े आठ करोड़ की लागत से सीसीटीवी लगाकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाएगी।
भाजपा नेता ने कहा कि अन्य मार्केट भी गीता भवन मार्केट एसोसिएशन की तरह आगे आकर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग दें। साथ ही उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए भाजपा सरकार संकल्पबद्ध है। पंचकूला में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा चुके हैं, जबकि सोनीपत के साथ-साथ रोहतक, फरीदाबाद में मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी पालिकाओं से सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव मांगे जा चुके हैं, वहां भी कैमरे स्थापित कराए जाएंगे। सोनीपत शहर और निगम में आने वाले क्षेत्रों में 156 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए जनवरी में प्रक्रिया शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि शहर और मुरथल, बहालगढ, राई पर जीटी रोड क्षेत्र समेत तकरीबन 83 स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। भाजपा नेता ने शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 4 जनवरी से शुरू हो रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में सोनीपत को बेहतर बनाने के लिए हमें मिलकर काम करना है।
इस दौरान गीता भवन चौक मुख्य मार्केट एसोसिएशन की प्रधान व जिला व्यापार मंडल की शहरी प्रधान दिव्या लाल ने कहा कि सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया गया। मार्केट में चार लाख की लागत से 16 कैमरे लगाए गए हैं। इस दौरान हिंदू शिक्षण संस्था प्रधान अरूण अग्रवाल, मार्केट कमेटी सोनीपत के उपप्रधान संजय वर्मा, जिला व्यापार मंडल प्रधान संजय सिंगला, पवन गोयल, शशिकरण नासा, मोहन सिंह मनोचा, अनिल गुप्ता सीटू, सतपाल अहलावत, किशोर छाबडा, जयबीर गहलावत, पवन तनेजा, अश्विनी तनेजा, लक्की बत्रा, अंकुर चावला, सतीश मलिक, मास्टर सुरेश, संजय मक्कड, विक्की, हरीश, सुनील, संजय, रवि नारंग, मयंक, मोहन, सुदर्शन, वेदप्रकाश, सुरेंद्र चावला, चिंटू, राजेश, सोनू मौजूद रहे।