अमर उजाला ब्यूरो,
राई। हाईवे पर प्याऊ मनियारी के पास अंडरपास बनाने की मांग को लेकर सामाजिक न्याय मोर्चा ने आंदोलन शुरू कर दिया है। यहां लगातार हो हादसों से लोगों को बचाने की मांग को लेकर संगठन आगे आया है। संगठन ने रविवार को प्याऊ मनियारी में धरना प्रदर्शन कर प्रशासन के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री को ज्ञापन भेजा है। साथ ही मोर्चा के सदस्यों ने एक माह में इसे लेकर कदम नहीं उठाने की स्थिति में यहां से होकर गुजर कर पाकिस्तान के लाहौर जाने वाली सदा-ए-सरहद बस को रोकने की चेतावनी दी है।
रविवार को किए गए प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सामाजिक न्याय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशन सैन ने कहा कि उनका संगठन दबे कुचले व कमजोर वर्ग की लड़ाई लडने को हर समय तैयार है। उन्होंने बताया कि प्याऊ मनियारी के पास औद्योगिक क्षेत्र में के चलते यहां से प्रतिदिन हजारों मजदूर सडक़ पार कर जाते हैं। जिससे वह अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। रामकिशन सैन ने बताया कि यहां लंबे से अंडरपास बनाने की मांग की जाती रही है। उसके बावजूद सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही। यहां आए दिन कोई न कोई हादसा हो जाता है। सडक़ पार करने वालों में ज्यादातर लोग मजदूर तबके के होते हैं। ऐसे में सामाजिक न्याय मोर्चा ने आगे बढ़ कर मजदूरों की मांग उठाने का निर्णय लिया है। प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री व केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया है। रामकिशन सैन ने कहा कि अगर सरकार एक माह में यहां अंडरपास का निर्माण शुरू नहीं करवाती है तो वह पाकिस्तान जाने वाली सदा-ए-सरहद बस को रोक देंगे। सरकार को उनकी मांग पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान रामदिया प्रजापति, नरेश कश्यप, जोगी संतोष राठी, डा.कृष्ण पांचाल, दरोगा राजपाल कश्यप, राधेश्याम मनियार, रविंद्र बाजवान, कृष्ण सोनी, दलीप सिंह तूफान, महेंद्र नंबरदार, महाबीर कश्यप, दयानंद पंवार, डीआर रोहिल्ला, अनिल वर्मा, ओमपाल कश्यप मौजूद रहे।