अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर की सबसे प्रमुख यातायात समस्या के समाधान के लिए जल्द ही गीता भवन चौक पर स्थित प्राइमरी स्कूल को नई बिल्डिंग में शिफ्ट कर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। इसके साथ ही सुभाष चौक पर भी नगर निगम का भवन खाली होने के पश्चात इसी तरह की पार्किंग बनाई जाएगी। यह बात भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने पत्रकार वार्ता में कही।
रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि नगर निगम के नए भवन के लिए टेंडर हो चुका है और पुराने भवन के स्थान पर पार्किंग के साथ-साथ 33 केवी बिजली सब स्टेशन भी बनाया जाएगा। इससे सुभाष चौक व आस-पास की कालोनियों में बिजली सप्लाई बेहतर होगी। वहीं शहर की पेयजल समस्या के लिए लाइन पार क्षेत्र में 10 करोड़ से बुस्टिंग स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यमुना से शहर को पेयजल की सप्लाई करने वाले रेनीवेल प्रोजेक्ट पर भी बिजली की समस्या के समाधान के लिए जनरेटर की व्यवस्था करवाई जाएगी। वहीं शहर की डेयरियों की समस्या पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डेयरियों की शिफ्टिंग के लिए बड़े स्तर पर कार्य चल रहा है। अगले तीन महीने में डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद सीवरेज व अन्य समस्याओं का समाधान भी होगा।