जिलाध्यक्ष समेत 200 से ज्यादा ने इनेलो छोड़ कार्यालय छीना, अभय का फोटो-झंडा भी उतारे
मर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। इनेलो के टूटने के बाद जिले में सबसे बड़ा झटका सोमवार को लगा और जिलाध्यक्ष समेत 200 से ज्यादा पदाधिकारियों ने एक साथ अपना इस्तीफा दिया। इन सभी ने इस्तीफा देते ही इनेलो वाला कार्यालय भी छीन लिया और उसे अजय चौटाला गुट का कार्यालय बना दिया गया। वहां से इनेलो का झंडा व अभय चौटाला का फोटो भी उतार दिया गया। जिलाध्यक्ष ने दावा किया है कि इनेलो की जिला कार्यकारिणी से 90 प्रतिशत पदाधिकारियों के इस्तीफे हो चुके हैं और अब जल्द ही नई पार्टी के गठन के बाद नई राह दिखाई जाएगी।
इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़ कई दिन पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं तो यहां सोमवार को जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक पदम दहिया, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक तेलूराम जोगी, पूर्व प्रदेश प्रचार सचिव राजकुमार रिढाऊ, पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष कुलदीप मलिक, वरिष्ठ नेता रणबीर दहिया, पूर्व विधायक रमेश खटक, डा. कपूर नरवाल, अजीत आंतिल, रामकिशन तुषीर, ओमप्रकाश रसोई, बबीता दहिया, अनीता खांडा, रमेश पहलवान बडौली, राजू धानक, सियानंद त्यागी, भाने राम समेत 200 से ज्यादा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया। जहां जिलाध्यक्ष रहे पदम दहिया ने कहा कि जिले की करीब 90 प्रतिशत कार्यकारिणी अजय चौटाला के साथ है और जींद में कार्यकर्ता सम्मेलन में भी पहुंचे थे। इसके साथ ही अब 9 दिसंबर को पार्टी के गठन के अवसर पर होने वाली रैली की तैयारियां शुरू कर दी गई है। अजय चौटाला जिस तरह का भी निर्णय लेेंगे, वह सभी नेताओं को स्वीकार होगा।
अजय चौटाला के संपर्क में दूसरी पार्टियों के विधायक व बड़े नेता: बांगड़
इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे केसी बांगड़ ने कहा की नई पार्टी का गठन करके जनता को एक नया रोड मैप दिखाया जाएगा। बांगड़ ने दावा किया कि आने वाले समय में यह साफ हो जाएगा कि हरियाणा की जनता किसे अपना समर्थन देगी। क्योंकि अजय चौटाला के संपर्क में दूसरी पार्टियों के कई विधायक व बड़े नेता है और वह सही समय में फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कार्यकारिणी के इस्तीफे का दौर चल रहा है जो 15 दिसंबर तक जारी रहेगा। सोनीपत में 90 प्रतिशत पदाधिकारी व कार्यकर्ता अजय चौटाला के साथ हैं।
कार्यालय से अभय का फोटो व झंडा हटाया
इनेलो का जिला कार्यालय अभी तक पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष तेलूराम जोगी की बिल्डिंग में चल रहा था, जिसका वह कोई किराया नहीं लेते थे। उनके अजय चौटाला गुट में जाने के बाद इनेलो से कार्यालय भी छीन लिया गया और वहां से अभय चौटाला का फोटो व इनेलो का झंडा भी हटा दिया गया। वहां केवल पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल, ओमप्रकाश चौटाला व अजय चौटाला के फोटो लगे हैं।