मैने तुझे भर्ती करा दिया, अब 20 हजार दे देना
-गोहाना में रोडवेज में आउट सोर्स पर चालक व परिचालक भर्ती करके 20 हजार मांगने की ऑडियो क्लिप वायरल
-परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि अधिकारियों से कराएंगे मामले की जांच, शिकायत करने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। रोडवेज में पिछले 16 दिन से सरकार के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं। ऐसे में सरकार ने चालक व परिचालकों की आउट सोर्स पर भर्ती करने के आदेश दिए हुए हैं और उसके तहत भर्ती हो रही हैं। लेकिन इन भर्ती में रुपये मांगने को लेकर एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है और यह ऑडियो क्लिप गोहाना रोडवेज की है। जिसमें एक चालक के भर्ती होने के बाद कहा जा रहा है कि मैने तुझे भर्ती करा दिया है, अब 20 हजार कपड़े में बांध लाना। जिसने भर्ती किया है, उसे देने हैं। यह मामला संज्ञान में आने पर परिवहन मंत्री ने जांच कराने की बात कही है।
वायरल हो रही ऑडियो क्लिप में एक कर्मचारी एक युवक को फोन करता है, युवक फोन उठाने के बाद बताता है कि वह गोहाना के बस स्टैंड पर है। जिसमें अन्य युवकों की ज्यादा आवाज आने पर कर्मचारी उससे साइड में जाकर बात करने के लिए कहता है तो युवक साइड में चला जाता है। जिसके बाद कर्मचारी उससे कहता है कि सामान का राह कर लिए, युवक कहता है कि वह समझा नहीं है। फिर कर्मचारी कहता है कि राजबीर का पत्ता काट दिया गया, सुखबीर, कर्मबीर, संदीप को भी हटा दिया गया है। उसके बाद कर्मचारी कहता है कि चोटी वाले का फोन आया था, जिससे उसने कह दिया है कि यह अपना ही लगाया हुआ है। जिसके बाद दो दिन में उससे 20 हजार रुपये की मांग की जाती है। युवक से यह भी कहा जाता है कि अन्य युवकों से 25 व 30 हजार लिए जा रहे हैं, लेकिन उसने कहा है कि यह अपना ही आदमी है और उसका गरीब परिवार है। इसलिए उसे 20 हजार रुपये कल देने होंगे और बाद में हटा दिया तो उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। इसके बाद बात को गोपनीय रखने के लिए कहा जाता है और फोन काट दिया जाता है। यह ऑडियो क्लिप वायरल होने के बाद गोहाना स्टैंड पर हड़कंप मचा हुआ है।
वर्जन
अगर ठेके के चालक व परिचालकों पर गोहाना में भर्ती करने के पैसे लिए गए हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। यह जरूर है कि किसी से रुपयों की मांग की जाती है तो वह रुपये नहीं दें और इसकी शिकायत जरूर करें। क्योंकि शिकायत के बाद जांच में आसानी हो जाती है। कृष्णलाल पंवार, परिवहन मंत्री।