अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिस केएमपी पर सफर करने का सपना लोग 2003 से देख रहे थे, उस केएमपी का तोहफा हरियाणा दिवस पर लोगों को मिल जाएगा। सरकार ने केएमपी के उद्घाटन की तारीख एक नवंबर तय कर दी है और इसका उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। पीएम अपने कार्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के सहारे केएमपी का उद्घाटन करेंगे तो केएमपी पर कुंडली में टोल प्लाजा पर मुख्य कार्यक्रम होगा। उस दिन केएमपी के अन्य छह टोल प्लाजा पर भी छोटे कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। इसको लेकर ही सीएम मनोहर लाल खट्टर ने वीरवार को पलवल से कुंडली तक केएमपी का निरीक्षण किया। सीएम ने केएमपी के निर्माण कार्य से लेकर वहां की सभी सुविधाओं का जायजा लिया।
केएमपी का पत्थर 2003 में हरियाणा के तत्कालीन सीएम ओपी चौटाला ने लगाया था, लेकिन इसका काम 2006 शुरू किया गया। उस समय काम पूरा करने का समय चार साल तय किया गया था, लेकिन इसे बीच में रोक दिया गया था। इसका दोबारा से 2015 में पीएम नरेंद्र मोदी ने केजीपी के साथ शिलान्यास किया था और इसका काम शुरू हो सका था। यह 135.6 किमी लंबा एक्सप्रेस वे हैं, जिसमें 8 बड़े फ्लाईओवर, 75 छोटे पुल, चार रेलवे ओवरब्रिज बनाए गए हैं। इस हाईवे के निर्माण के लिए 1863 करोड़ रुपये की लागत आई है। हाईवे का 24 अक्टूबर तक 98.90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यह एक्सप्रेस वे सोनीपत में कुंडली से शुरू होकर दिल्ली के चक्कर लगाते हुए खरखौदा, बहादुरगढ़, मानेसर, सोहना से होते हुए पलवल में खत्म होता है। इस तरह केएमपी का निर्माण कार्य पूरा होने पर अब इसे आम लोगों को खोलने की तैयारी है। एचएसआईआईडीसी के सीनियर मैनेजर जगभूषण ने बताया कि केएमपी का एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर उद्घाटन कराया जाएगा, जिसका कार्यक्रम तय हो चुका है। इसका उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी अपने कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग से करेंगे और इसका उद्घाटन कार्यक्रम कुंडली में टोल प्लाजा पर होगा।
सीएम मनोहर लाल ने किया केएमपी का निरीक्षण
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने वीरवार को केएमपी का निरीक्षण किया। वह जगह-जगह निरीक्षण करते हुए शाम को लगभग छह बजे कुंडली के पास गढ़ी बाला में बनाए गए टोल प्लाजा पर पहुंचे। जहां सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस वे प्रदेश के लोगों के लिए विकास के नए रास्ते खोलेगा। ऐसे में इसको सभी सुविधाओं से युक्त किया जाए। यहां किसी भी जगह कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए और यातायात सुचारू रूप से चलाने की पूरी व्यवस्था की जाए। यहां निर्माण कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर फिनिसिंग का छोटा काम बचा हुआ है, उसे पूरा कर दिया जाएगा। सीएम ने केएमपी के उद्घाटन के लिए सभी सात टोल प्लाजा पर कार्यक्रम की रूप रेखा भी तैयार की।
सीएम ने डिजीटल आर्ट गैलरी भी देखी
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने केजीपी की तरह ही केएमपी पर टोल प्लाजा के पास बनाई गई डिजीटल आर्ट गैलरी को देखा। जहां प्रेजेंटेशन के माध्यम से सीएम को बताया गया कि कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे का मानेसर-पलवल के बीच पहले से ही कार्य पूरा कर लिया गया है। अब कुंडली से मानेसर के बीच 83 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस वे को छह लेन का बनाया गया है। एक्सप्रेस वे के निर्माण के दौरान किस तरह की तकनीक का प्रयोग किया गया है और इसको बनाने में आने वाली बाधाओं को किस तरह से दूर किया गया है। उसे दर्शाने के लिए डिजीटल आर्ट गैलरी का निर्माण किया गया है।
केएमपी पर पेड़ लगाए जाएंगे, मूर्तियां भी लगेंगीं
सीएम को अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस वे के दोनों ओर नीम व अर्जुन के पेड़ लगाए जाएंगे। वहीं डिवाइडर के अंदर विभिन्न रंगों के बोगनबेलिया के पौधे लगाए जाएंगे, जिनको कर्नाटक से विशेष तौर पर मंगाया गया है। सीएम ने यहां केएमपी के दोनों ओर लगाई जाने वाली मूर्तियों के बारे में भी जानकारी ली। कला अधिकारी हृदय कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि एक्सप्रेस वे के दोनों ओर 21 मूर्तियां लगाई जाएंगी जिन्हें तराशने का कार्य पूरा हो चुका है और इन मूर्तियों में हरियाणा की कला एवं संस्कृति, योगा एवं गीता को दर्शाया जाएगा। सीएम के साथ शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, पीडब्लडी मंत्री राव नरवीर सिंह, सांसद रमेश कौशिक, अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह, आजाद सिंह नेहरा, रविंद्र दिलावर, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।