सोनीपत। लघु सचिवालय में लगाए जा रहे समाधान शिविर में मंगलवार को 161 शिकायतें पहुंची। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी व अन्य अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनीं। शिविर में पहुंची शिकायतों में कुछ का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि लघु सचिवालय के कांफ्रेंस रूम में नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई की गई। सुबह 9 से 11 बजे तक लगाए गए शिविर में 161 शिकायतें दर्ज हुई। कुछ का मौके पर समाधान किया। नागरिकों की शेष समस्याओं का समाधान त्वरित आधार पर करने के लिए अधिकारियों को तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त विश्राम मीणा, डीसीपी मनवीर, अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, एसडीएम अमित कुमार, नगराधीश पूजा कुमारी, डीआरओ हरिओम अत्री, डीडीपीओ जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम ने सुनी समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश
खरखौदा। उपमंडल कार्यालय में एसडीएम श्वेता सुहाग ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी। सोमवार को उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने उपमंडल कार्यालय में संचालित समाधान शिविर का औचक निरीक्षण किया था। इसमें कई अधिकारी नदारद मिले थे। उन्होंने रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी थी। मंगलवार को व्यवस्थाएं दुरुस्त मिली। एसडीएम श्वेता सुहाग की अगुवाई में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना गया। शिविर में पीपीपी व प्रोपर्टी आईडी में सुधार करवाने वालों की संख्या ज्यादा रही। इसके अलावा नालों की सफाई, जमीन से संबंधित मामले, ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का पूरा मुआवजा नहीं आने, रोहणा में महिलाओं ने सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट देने की मांग, दिल्ली मार्ग पर लगाए गए बिजली के खंभों पर तार लगाने की मांग शिविर में पहुंची। एक बुजुर्ग ने उसकी गली में पड़ोसी की तरफ से कब्जा किए जाने का आरोप लगाकर शिकायत दी, इस पर एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया।