संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। मानसून ने जिले में पूरी रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को सुबह की उमस और तेज गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और दोपहर से शुरू हुई झमाझम बारिश रुक-रुक कर शाम तक होती रही। लगातार हुई बारिश से जहां शहर के कई हिस्सों में पानी भरने के साथ यातायात व्यवस्था प्रभावित रहा वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खरीफ सीजन की फसलों, विशेषकर धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार शाम छह बजे तक जिले में औसतन 16 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञ का अनुमान है कि 10 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इससे अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश के बाद अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री व न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश ने शहर के लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। निकासी के अभाव में मॉडल टाउन, विवेकानंद चौक, ओल्ड डीसी रोड, कच्चे क्वार्टर मार्केट रोड, ओल्ड रोहतक रोड, रेलवे रोड, एटलस रोड, गुरुद्वारा रोड, वेस्ट रामनगर, ककरोई रोड, गीता भवन रोड, मामा-भांजा चौक, मुरथल रोड, सब्जी मंडी, आठ मरला, बहालगढ़ रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सारंग रोड रेलवे अंडरपास सहित विभिन्न कॉलोनियों में हुए जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ाई।
यही कारण है कि बारिश के बाद हर साल दुरुस्त सड़कें भी खस्ताहाल हो रही हैं। साथ ही लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। गीता भवन चौक सहित कई स्थानों पर सड़कें पानी से भर जाने के कारण यातायात प्रभावित रहा। गीता भवन चौक पर दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए। लोग उन्हें धकेलते नजर आए।
गन्नौर में जलभराव से हुई दिक्कत
गन्नौर में मौसम की पहली बेहतर बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत तो दिलाई, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की प्रशासन की पोल भी खोलकर रख दी। प्रशासन के नालों की सफाई के दावे खोखले नजर आए। रेलवे रोड और बादशाही रोड पर लंबे समय तक जलभराव रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गढ़ी केसरी से गन्नौर गांव की ओर आने वाला नाला ओवरफ्लो हो गया और उसका पानी आसपास के खाली प्लाटों में भर गया। रेलवे रोड और बादशाही रोड पर सडक़ पर पानी जमा होने से दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हुई।
कहां कितनी बारिश
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो गन्नौर ब्लॉक में सबसे अधिक 28 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद गोहाना में 18 एमएम, राई में 17 एमएम, खानपुर में 16 एमएम और सोनीपत ब्लॉक में 15 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं खरखौदा में सबसे कम 4 एमएम बारिश हुई।
वर्जन
आने वाले कुछ दिन जिले में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसी तरह बारिश का क्रम जारी रहा तो जुलाई में अब तक बनी बारिश की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है, जिससे कृषि और जल संसाधनों दोनों को लाभ मिलेगा। -डॉ. प्रेमदीप, मौसम विशेषज्ञ
फोटो : सोनीपत में रेलवे रोड पर नेहरु पार्क के सामने भरे बारिश के पानी से दोपहिया वाहन से गुजरत
फोटो : सोनीपत में रेलवे रोड पर नेहरु पार्क के सामने भरे बारिश के पानी से दोपहिया वाहन से गुजरत
फोटो : सोनीपत में रेलवे रोड पर नेहरु पार्क के सामने भरे बारिश के पानी से दोपहिया वाहन से गुजरत