सोनीपत। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य के तहत विशेष शल्य चिकित्सा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। 22 नवंबर तक मनाए जा रहे सर्जिकल शिविर के तहत दो दिन में 15 सर्जरी की जा चुकी है। जिला नागरिक अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत आरक्षित पैकेजों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार सभी सर्जरी की जा रही है।
मंगलवार को इसको लेकर नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्सना के नेतृत्व में बैठक हुई। सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों को अधिक से अधिक लाभार्थियों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कहा।
साथ ही सभी चिकित्सकों को अभियान के दौरान सर्जरी के निर्धारित लक्ष्य भी सौंपे गए। विशेष शल्य चिकित्सा अभियान के अंतर्गत जिला नागरिक अस्पताल में कूल्हा प्रत्यारोपण, घुटना प्रत्यारोपण, सी-सेक्शन, मोतियाबिंद आपरेशन, हर्निया सहित अन्य प्रमुख सर्जरी की जाएंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत योजना के पात्र अधिक से अधिक लाभार्थियों को विशेष चिकित्सा सेवाएं मुहैया कराना है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।