आग लगने से घर में जला सामान। स्रोत : पाठक
सोनीपत। कुंडली की प्याउ मनियारी स्थित हर्षवर्धन कॉलोनी में सोमवार देर शाम आग लगने से 14 साल के किशोर की मौत हो गई जबकि उसकी 13 साल की मौसेरी बहन बुरी तरह से झुलस गई। आग कैसे लगी अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।
बिहार के सीतामढ़ी निवासी सितेंद्र अपने परिवार के साथ कुंडली की हर्षवर्धन कॉलोनी में दो कमरे किराए पर लेकर रहते हैं। सितेंद्र की दो बेटियां और एक बेटा सूरज था। सितेंद्र अपनी पत्नी सीता देवी के साथ कंपनी में काम पर गए हुए थे। घर पर 14 साल का उनका बेटा सूरज अपनी दो बहनों के साथ था।
रिश्तेदार उमेश ने बताया कि उसकी बेटी पूजा (13) भी अपने मौसा सितेंद्र के कमरे पर गई हुई थी। वह अपने मौसरे भाई-बहनों के पास खेल रही थी। देर शाम अचानक कमरे में आग लग गई। चारों बच्चे कमरे में फंस गए। सूरज की दोनों बहने तो बाहर निकलने में कामयाब रहीं मगर सूरज और पूजा अंदर के कमरे में होने की वजह से फंस गए। आग की चपेट में आने से सूरज की मौत हो गई जबकि पूजा गंभीर रूप से झुलस गई।
आसपास के लोगों ने कमरे से धुआं उठता हुआ देखकर आग बुझाई और बच्चों को बाहर निकाला। जब तक बच्चों को बाहर निकाला गया सूरज की मौत हो चुकी थी। 70 प्रतिशत तक झुलस चुकी पूजा को नरेला के सत्यवादी राजा हरीशचंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुंडली थाना के एसएचओ सेठी मलिक ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आग लगने से घर में जला सामान। स्रोत : पाठक
आग लगने से घर में जला सामान। स्रोत : पाठक