आयकर विभाग की टीम ने तीन स्थानों पर मारे छापे
-ज्वैलर्स, कंस्ट्रक्शन व इंजीनियरिंग कंपनी के रिकार्ड की जांच में जुटी टीम
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिले में आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार को तीन स्थानों पर छापेमारी की। सोनीपत शहर में ज्वैलर्स व कंस्ट्रक्शन कंपनी में छापेमारी की गई तो गोहाना में एक व्यक्ति की दो कंपनियों में छापेमारी कर रिकार्ड जांचा जा रहा है। छापेमारी से जिले के पूंजीपतियों में हड़कंप मच गया। रात तक तीनों जगह पर रिकार्ड जांचा जा रहा है। इसके लिए आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें कार्रवाई में जुटी हैं।
आयकर विभाग लंबे समय से जिले के कुछ बड़े कारोबारियों के लेन-देन पर निगाह रखे हुए था। शुक्रवार को एक साथ तीन टीमें बनाकर जिले के अलग-अलग हिस्सों में भेजी गई। पहली टीम में आईटीओ सुरेंद्र सिंह समेत आयकर अधिकारियों ने कच्चे क्वार्टर स्थित दुर्गा ज्वैलर्स के शोरूम पर छापेमारी की। अधिकारियों की टीम यहां पर रिकार्ड की जांच कर रही है। टीम ने ज्वैलर्स का स्टॉक का मिलान किया व अन्य रिकार्ड अपने कब्जे में लिए। साथ ही ज्वैलर्स शोरूम के संचालक से पूछताछ भी की। आयकर विभाग की दूसरी टीम में आईटीओ जगबीर समेत अन्य अधिकारियों ने सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित शिवा कंस्ट्रक्शन कंपनी में जांच की। वहां रिकार्ड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आईटीओ तरुण, यशपाल व इंस्पेक्टर दिनेश समेत कई आयकर अधिकारियों की टीम गोहाना में दांगी इंजीनिरिंग प्राइवेट लिमिटेड व इसी नाम वाली एक अन्य कंपनी में पहुंचे। यहां का रिकार्ड अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। रात तक तीनों जगह रिकार्ड की जांच जारी थी।