सोनीपत। 283 गांवों के किसानों की ओर से ओलावृष्टि से खराब फसलों के मुआवजे के लिए किए गए आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया जारी है। 12814 किसानों ने 60085 एकड़ जमीन पर हुए फसल नुकसान के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवा रखा है। जिसमें से 57590 एकड़ भूमि का सत्यापन किया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी जाएगी।
मार्च की शुरुआत में जिले में ज्यादा ओलावृष्टि व बारिश की वजह से गेहूं के साथ सरसों की फसलों में भी काफी अधिक नुकसान पहुंचा था। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू न होने से सरकार ने किसानों को मुआवजा देने के लिए ई क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला था। जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री ने कहा कि पंजीकृत आवेदनों पर फसल सत्यापन के लिए पटवारी, सीआरओ, एसडीएम, डीआरओ से लेकर उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई थी। यह काम लगभग पूरा होने वाला है।