हरियाणा की छोरियां पहले दिन सब पर भारी, चारों गोल्ड मेडल जीते
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। नेशनल स्कूल महिला कुश्ती चैंपियनशिप का बुधवार को गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भव्य आगाज किया गया। पांच दिन तक चलने वाली कुश्ती चैंपियनशिप में 22 प्रदेशों की टीम हिस्सा ले रही हैं, जिनमें अंडर-17 व 19 आयु वर्ग की पहलवान शामिल हैं। वहां पहले दिन मार्च पास्ट के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करते हुए चैंपियनशिप का शुभारंभ किया गया। वहीं इसके बाद कुश्ती कराई गई, जिसमें पहले दिन चार भार वर्गों में फाइनल खेला गया और उन सभी में हरियाणा की छोरियां सभी पर भारी पड़ीं। हरियाणा की छोरियों ने गोल्ड मेडल जीतकर चैंपियनशिप में अपनी दमदार दावेदारी पेश की।
गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नेशनल स्कूल कुश्ती चैंपियनशिप का बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ आगाज हुआ। जहां उद्घाटन समारोह में छात्राओं की ओर से सामूहिक नृत्यों ने देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया। समारोह में देश भर से आई विभिन्न प्रदेशों व संस्थाओं की टीमों ने मार्चपास्ट किया। वहीं मेजबान गीतांजली सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर बारोटा की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से समां बांध दिया। जिला शिक्षा अधिकारी जिले सिंह ने चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। बताया कि पांच दिवसीय चैंपियनशिप में देशभर से 22 प्रदेशों व संगठनों की टीमें अंडर-17 व 19 आयु वर्ग में हिस्सा ले रही हैं। जिले सिंह ने कहा कि महिला कुश्ती में हरियाणा की खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स व ओलंपिक तक अपनी धाक जमाई है। साक्षी मलिक से लेकर विनेश फौगाट, गीता फौगाट, बबीता फौगाट, पूजा ढांडा जैसी महिला पहलवानों ने देश व हरियाणा प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। एईईओ जगबीर मलिक ने बताया कि वीरवार को ओलंपियन सुशील कुमार चैंपियनशिप में पहलवानों को प्रोत्साहित करने आएंगे। गुरुसदन के चेयरमैन नरेंद्र सूरा ने डीइओ जिले सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस दौरान डीईईओ सतीश सोलंकी, डायट के प्राचार्य कुलदीप दहिया, बीईओ नवीन गुलिया, एईओ सेवा राम, अंतरराष्ट्रीय कोच राज सिंह छिक्कारा, एसजीएफआई के आब्जर्वर दिनेश व अनिल मान, चीफ कोच ग्रीकोरोमन हरगोविंद, कोच देवेंद्र दहिया, सतपाल सिंह, राजकुमारी, रंजीता देवी, ए. शर्मिला, डा. परवेज आलम, रूना दास, सुजाता खत्री, सरोज बाल्याण आदि मौजूद रहे।
--
हरियाणा की ममता, राखी, संजू, सुनैना ने जीता गोल्ड
लड़कियों के अंडर-17 आयु वर्ग के 40 किलो भार वर्ग में हरियाणा की ममता ने पंजाब की रजनी को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया तो रजनी को रजत से संतोष करना पड़ा। मध्यप्रदेश की माधुरी पटेल व गुजरात की खापेकर भारती ने ब्रांज मेडल जीता। 73 किलो भार वर्ग में हरियाणा की राखी ने मध्यप्रदेश की हिमांशी को फाइनल में शिकस्त देकर पहला स्थान प्राप्त किया। दिल्ली की मोनिका व महाराष्ट्र की वैष्णवी ने ब्रांज मेडल जीता। वहीं अंडर-19 आयु वर्ग के 50 किलो में हरियाणा की संजू देवी ने दिल्ली की स्टार पहलवान सिमरन को हराकर गोल्ड जीता। कर्नाटक की जी. मंजूनाथ व महाराष्ट्र की काजल जाधव ने ब्रांज मेडल जीता। 72 किलो में हरियाणा की सुनैना ने फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र की वैष्णवी को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश की वजीदा व दिल्ली की खुशी ने ब्रांज मेडल जीता।
फोटो 27: गीतांजलि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चैंपियनशिप के उद्घाटन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती छात्राएं
फोटो 28: नेशनल स्कूल महिला कुश्ती चैंपियनशिप में दांवपेंच दिखाती पहलवान
फोटो 29: नेशनल स्कूल महिला कुश्ती चैंपियनशिप में हार-जीत का फैसला करते रेफरी