सोनीपत। गांव चंदौली के पास यमुना में डूबे दोनों मासूमों के शव पुलिस ने बरामद कर लिए है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। यमुना में डूबे एक मासूम को जानवरों ने नोच लिया है। वहीं उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि खनन के चलते यमुना में गड्ढों के कारण ही बच्चों की जान गई है।
विदित रहे कि गांव चंदौली निवासी विनीत त्यागी (13) अपने चचेरे भाई वितम (14) व आशीष (14) के साथ यमुना स्नान करने व पूर्वजों की पूजा अर्चना करने के लिए गया था। यमुना पर पहुंचने के बाद विनीत व वितम यमुना स्नान के लिए उतरे तो वह वहीं तेज बहाव में बह गए और कुछ दूर जाने पर डूब गए थे। उनके साथ गए आशीष ने मामले से परिजनों को अवगत कराया था। जिस पर पुलिस को सूचित किया गया था। पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया था। सोमवार को दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। जहां एक शव गांव चंदौली के पास मिला तो दूसरा गांव मिमारपुर के पास बरामद किया गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
खनन से बने गड्ढे से गई जान
परिजनों ने आरोप लगाया कि दोनों बच्चों की जान स्नान करने के चलते नहीं बल्कि यमुना में बने गड्ढों के कारण गई है। गड्ढों के चलते ही वह यमुना में डूब गए। उन्होंने मामले को लेकर मिमारपुर चौकी में शिकायत दी है। जिस पर कार्रवाई की मांग की गई है।
जांच की जा रही
यमुना में डूबे दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अशोक कुमार, मिमारपुर चौकी प्रभारी।