खरखौदा/सोनीपत। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा के सांसदों व प्रदेश सरकार का अपना कोई वजूद नहीं है और इन्होंने कोई काम भी नहीं कराया है। इसलिए ही भाजपा वाले केवल मोदी के नाम पर वोट मांग रहे है। अगर सांसदों ने पांच साल और सरकार ने अभी तक कोई काम कराया होता तो अब मोदी के नाम पर वोट नहीं मांगने पड़ते। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा रविवार को खरखौदा में चुनाव कार्यालय पर हलके के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। जहां पूर्व सीएम ने यह भी साफ कर दिया कि अब हर कार्यकर्ता खुद को हुड्डा समझकर काम करें तो चौधर की लड़ाई में जीत जरूर होगी।
खरखौदा में चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा की हालत यह हो गई है कि उनके पास वोट मांगने के लिए कोई विकास कार्य तक बताने को नहीं है। सीएम ने मंच पर खुद भी मान लिया कि उनके प्रत्याशी से लोग नाराज है और उसका विरोध कर रहे है। इसलिए ही वह मोदी के नाम पर वोट मांग रहे है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा ने प्रदेश में विकास कराया होता तो यह दिन नहीं देखने पड़ते। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि घर आए मेहमान का विरोध करना हमारी संस्कृति नहीं है। इसलिए लोग अपने सवाल जरूर पूछे, लेकिन किसी भी प्रत्याशी का विरोध न करें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा में पांच साल में केवल भाईचारे को खराब किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह सरकार व विपक्षी दलों के नेताओं से पूछे कि उनकी नीति और नीयत क्या है? उन्होंने कहा कि वह इस इलाके का राज में हिस्सा करना चाहते हैं, इसलिए यहां से चुनाव में उतरे हैं।
जिसका बूथ होगा मजबूत जीत भी उसकी की : पूर्व सीएम
पहले भी कांग्रेस राज में सोनीपत में विकास हुआ था और अब सूद समेत पांच विधायकों का कर्ज उतारना उनका मकसद है। ऐसे में हर कार्यकर्ता खुद को हुड्डा समझ कर बूथ स्तर पर काम करे। क्योंकि जिसका बूथ मजबूत होगा, उसकी जीत भी बड़ी होगी। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को जनता ने मौका दिया तो फिर से कर्जा माफी करेंगे और अलग से किसानों के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन नीति को बहाल करके कर्मचारियों के हित में फैसले लिए जाएंगे। इस बार वह वादा करके जा रहे हैं कि उनका बहाया गया पसीना प्रदेश में रंग लेकर आएगा। इस दौरान पूर्व मंत्री सतपाल सिंह सांगवान, ब्रह्मचारी ब्रह्मस्वरूप, राव नरेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना, धर्मपाल मलिक, विधायक जयबीर बाल्मीकि, प्रो. वीरेंद्र सिंह, सुखबीर फरमाणा, मनोज रिढाऊ, सुरेंद्र शर्मा, अशोक सरोहा, संजय पहलवान आदि मौजूद रहे।