हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव जाहरी में आसमानी बिजली गिरने से मकान की छत और दीवारें टूटकर गिर गईं।
इससे महेन्द्र सिंह के परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के कई लोगों के टेलीविजन, फ्रिज और बल्ब-ट्यूब जल गए।
घायलों का स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मंगलवार को भाजपाप्रदेश उपाध्यक्ष राजीव जैन ने जिला महासचिव आजाद सिंह नेहरा के साथ मौके का मुआयना कर अस्पताल में घायलों का हालचाल पूछा।
भाजपा नेता ने ग्रामीणों के साथ जिला उपायुक्त से मुलाकात कर मुआवजे की मांग की।
सोमवार शाम परिवार के सभी सदस्य छत पर बने कमरे में थे। इसी बीच हल्की बरसात में जोरदार धमाके के साथ आसमानी बिजली गिरी और कमरे की छत तथा दीवारें धड़ाम से ढह गईं।
परिवार के सदस्य सुलतान, भीमा, मुकेश और एक छह वर्षीय बच्चा मलबे में दब गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे।
घायलों को मलबे के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। राजीव जैन ने बताया कि बिजली गिरने से साथ लगते राजबीर के मकान समेत गांव के कई घरों में नुकसान पहुंचा है।