हरियाणा रोडवेज की बस और जायलो गाड़ी में मंगलवार को हुई आमने-सामने की भिड़ंत में जायलो सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई।
इनमें दो बच्चे और एक महिला भी है। यह हादसा हरियाणा के जिला रोहतक में राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 10 पर गांव बहुअकबरपुर व मदीना के पास हुआ।
मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के थे। हादसे में बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए, जिन्हेें पीजीआई में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब एक बजे महम के किशनगढ़ गांव निवासी मंजीत (28) अपने भाई अमित (25), पत्नी रानी (26), बेटा अंकुश (6 माह), भतीजे सागर (4) के साथ जायलो गाड़ी से रिश्तेदारी में समचाना आ रहे थे।
गाडी जब गांव बहुअकबरपुर के पास पहुंची तो रोहतक से हिसार की तरफ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
किशनगढ़ निवासी राकेश जायलो चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जायलो के परखचे उड़ गए। उसमें सवार सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वहां जमा हुए लोगों ने इसकी सूचना महम पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से शवों को गाड़ी से बाहर निकाला।
चालक की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। चालक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुलदीप के परिवार के सदस्यों को लेकर राकेश समचाना जा रहा था।
कुछ समय बाद कुलदीप व राकेश के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शवाें की शिनाख्त की। पुलिस ने इस संबंध में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।