रानियां। नगर पालिका के चेयरमैन मनोज सचदेवा व पार्षद प्रतिनिधि चंद्रभान कामरा ने शहर के वार्ड 4 में पुस्तकालय के भवन निर्माण के लिए जगह का निरीक्षण किया। चेयरमैन मनोज सचदेवा ने बताया कि शहर के युवाओं को एकांत में पढ़ाई करने के लिए नए पुस्तकालय का भवन बनाकर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पुराने पुस्तकालय का भवन क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद शहरवासियों व विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के नए भवन निर्माण की मांग को देखते हुए नपा हाऊस की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद नए भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। अगले दो दिनों तक निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा।
संबंधित ठेकेदार को आज मौके पर बुलाकर कार्य शुरू करने संबंधी निर्देश दिए गए हैं और आसपास जिन लोगों की मकानें व दुकानें हैं उन्हें भी इस निर्माण कार्य शुरू करवाने की सूचना दी गई है। इस दौरान नगर पालिका से जेई विक्रम सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि पुस्तकालय भवन निर्माण की जगह नगर पालिका की दुकान में बिजली शिकायत केंद्र हुआ करता था जहां पर बजरंग दल व सनातन धर्मसभा की ओर से पुस्तकालय खोला गया था। भवन पुराना होने के चलते गिर गया।
पुस्तकालय में मिलेगी ये सुविधाएं
युवाओं को एकांत में पढ़ाई करने के लिए नए पुस्तकालय का भवन अगले एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें तैयारी करने वाले युवाओं के लिए 24 घंटे बिजली, स्वच्छ व ठंडा पानी, वातानुकूलित शुद्ध हवा, सुविधायुक्त कुर्सी व मेज, निशुल्क व अटूट इंटरनेट सेवा, विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकें, राष्ट्रीय समाचार पत्र व पत्रिकाएं और पाठ्य सामग्री के साथ अन्य सभी जरूरी वस्तुओं से पूर्ण रहेगा। पुस्तकालय में लड़के व लड़कियों के बैठने के लिए अलग-अलग कमरों के साथ पुस्तकालय की सफाई व्यवस्था, रखरखाव और संभाल के लिए कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा।
युवाओं के साथ शहर के बुजुर्गों को होगा लाभ
पुस्तकालय का नया भवन दो मंजिला रहेगा। इसमें भूतल शहर के बुजुर्गों के लिए रखा जाएगा और ऊपर के भवन में पुस्तकालय बनाया जाएगा। यह भवन शहर के बीच में बनाया जाएगा। यहां पर बुजुर्गों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सी, बेड व अन्य सुविधाएं मौजूद होंगी। यहां पर बुजुर्गों के पढ़ने के लिए समाचार पत्र, पत्रिकाएं, धार्मिक व कहानियां युक्त पुस्तकों की व्यवस्था भी की जाएगी।
नए पुस्तकालय के भवन निर्माण का टेंडर सीसी ब्लॉक का है। जो करीब 33 लाख की लागत से बनाया जाएगा। यह भवन दो मंजिला रहेगा। नीचे का भवन शहर के बुजुर्गों को बैठने व अखबार पढ़ने के लिए रखा जाएगा। जबकि ऊपर का भवन युवाओं को पढ़ने के लिए तैयार किया जाएगा। टेंडर का समय एक साल का है, लेकिन हमारी कोशिश रहेगी कि इसे छह महीना में तैयार कर युवाओं को सौंपा जाए।
- मनोज सचदेवा, चेयरमैन, नगर पालिका, रानियां।