जिला अदालत परिसर में क्षतिगस्त मेज।
सिरसा। जिला अदालत परिसर के पास मंगलवार को पेशी पर आए युवक पर हमला कर दिया। इसमें टाइपिस्ट चेंबर में एक टेबल क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद हुआ। हालांकि हुडा चौकी पुलिस ने जिन तीन युवकों को हिरासत में लिया वे पीड़ित मिले। इसके बाद दो नामजद सहित अन्य युवकों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर किया है।
पुलिस को दिए बयान में नवदीप ने बताया कि शहर थाना सिरसा में दर्ज अपहरण के मामले में मंगलवार को उसकी पेशी थी। वह अपने दो दोस्तों के साथ अदालत परिसर पहुंचा। यहां पर हन्नी पहाड़ी निवासी कीर्ति नगर व गगनदीप निवासी रेलवे कॉलोनी और इनके साथियों ने उसे घेर लिया और मारपीट करने लगे। वह जान बचाने के लिए भागा तो उक्त लोग तेजधार हथियार लेकर उसके पीछे भागे। टाइपिस्ट चेंबर के पास उक्त लोगों ने उस पर पत्थरबाजी की। मौके पर पुलिस पहुंची तो उक्त सभी भाग गए। भागते समय उनका धारदार हथियार गिर गया। हुडा चौकी इंचार्ज एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अदालत परिसर में दो गुटों के बीच पत्थरबाजी हो रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लिया। इनमें से एक नवदीप निवासी अहमदपुर है। पुलिस ने नवदीप व उसके दोस्त प्रियांशु से पूछताछ की तो पता चला कि नवदीप की कोर्ट में पेशी थी।
पुलिस को बढ़ानी चाहिए सुरक्षा व्यवस्था : बार प्रधान
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट गणेश सेठी ने कहा कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था। बार एसोसिएशन अध्यक्ष का कहना है कि पुलिस को जिला अदालत परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी चाहिए, ताकि अदालत परिसर में कोई भी शख्स हथियार लेकर न आ सके।