संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। शहर के वार्ड नंबर 18 स्थित रविदास नगर में एक युवक की ओर से आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।
आकाश अपनी मां के साथ रविदास नगर में रहता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और घर में मां-बेटा ही अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि रविवार सायं युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ कर रही है।