घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव सिकंदरपुर में एक युवक पर चाकू से हमला हो गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर उसके भाई व उनके रिश्तेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में घायल लाभ सिंह निवासी गांव सिकंदरपुर ने बताया कि 26 मई को उसके चाचा सोनू राम के घर उनका रिश्तेदार मेजर निवासी गांव हमजापुर जिला फतेहाबाद आया हुआ था। मेजर मकान की छत पर खड़ा होकर उनके घर की ओर देखकर गालियां देने लगा।
लाभ सिंह ने बताया कि वह मेजर को समझाने गया तो चाचा के पुत्र बिंटू, उसकी पत्नी पार्वती व मेजर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद मेजर ने चाकू से उसके सिर पर वार किया। शोर मचाने पर तीनों भाग गए। इसके बाद घरवालों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी वीरेंद्र का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।