संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के मार्गदर्शन में नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप तथा पार्षदों के लिए विशेष योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण शिविर में जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर ने नगर परिषद प्रतिनिधियों एवं पार्षदों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाभ्यास करवाया। वार्ड पार्षद राजन शर्मा, राखी मौर्य, पूजा सैनी, चंचल देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों को यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इसमें ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन एवं घुटना संचालन शामिल रहे। योग प्रशिक्षकों ने इन अभ्यासों के माध्यम से शरीर को योग के लिए तैयार करने की विधि समझाई।
योगासन सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन और त्रिकोणासन का अभ्यास करवाया गया। वहीं, बैठकर किए जाने वाले योगासनों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, शशांकासन, उत्तान मंडूकासन और वक्रासन का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त पेट के बल किए जाने वाले योगासनों में मकरासन, भुजंगासन और शलभासन तथा पीठ के बल किए जाने वाले योगासनों में सेतुबंधासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवन मुक्तासन और शवासन का अभ्यास करवाया गया। प्रशिक्षकों ने सभी योगासनों के स्वास्थ्य लाभों और सही तकनीक की भी जानकारी दी।
प्राणायाम सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली प्राणायाम और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास किया। इसके पश्चात ध्यान एवं शांति पाठ के साथ प्रथम दिवस के योग प्रशिक्षण सत्र का समापन हुआ।
इस अवसर पर आयुष योग सहायक मोनिका एवं आईना ने विभिन्न योग क्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को योगाभ्यास की बारीकियों से अवगत कराया। डॉ. सुरेंद्रपाल नागर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिलेभर में विभिन्न संस्थानों, विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। इस दौरान आयुष विभाग से योग सहायक लवकेश, पंकज वर्मा, इंद्रजीत, प्रीति, मोनिका, सुनेहा गोदारा, हेमलता, निशा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।