सिरसा। नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों, फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के लिए 22 नवंबर को कालांवाली उपमंडल में यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जिला प्रशासन ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं और प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अर्पित संगल ने जिले के युवाओं, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और आमजन से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से नशामुक्ति का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
वेबसाइट और क्यूआर कोड से करवा सकते हैं पंजीकरण
एडीसी ने बताया कि मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट https://KalanwaliHalfMarathon.com पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा आयोजन के लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन करके भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण करवाने का आह्वान करते हुए कहा कि 22 नवंबर को कालांवाली में आयोजित इस मैराथन में भाग लेकर नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूती दें। मैराथन के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।